मां ने शराब पीने से मना किया तो शराबी बेटे ने बहन को बेरहमी से पीटा, फिर फंदा लगाकर दी जान

punjabkesari.in Sunday, Apr 02, 2023 - 10:07 PM (IST)

बदायूं: शराब पीने पर मां ने बेटे को टोका तो बेटे ने मां और बहन से विवाद शुरू कर दिया। बहन को बुरी तरह से पीटा। घायल होने पर बहन को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। कुछ समय के बाद युवक ने अपने घर पर कमरे में जाकर फंदा लगाकर जान दे दी। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



शराब पीने का आदी था आरोपी
कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के गांव रसूलपुर बिलहरी निवासी सुरेश (28) पुत्र राम सिंह शराब पीने का आदी हो गया था। वह अक्सर ही शराब पीने लगता था। शुक्रवार की सुबह से शराब पी रहा था और शाम तक पी। नशे में धुत होकर वह अपने घर पहुंचा। उसकी मां रामप्यारी ने शराब पीने का विरोध किया।



शराब पीने का विरोध करने पर मां-बहन को पीटा
परिजनों के अनुसार इसी बात पर सुरेश ने रामप्यारी से अभद्रता करनी शुरू कर दी और पीटने लगा। मां को बचाने आई उसकी बहन नेहा और छोटे भाई विपिन को लाठी-डंडों से पीट दिया। नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरेश की पत्नी डर की वजह से पड़ोस में चली गई। विवाद के बाद सुरेश गांव में अपने दूसरे मकान पर गया और फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।

Content Writer

Ajay kumar