देवरिया-हरदोई के बाद अब प्रतापगढ़ के 2 शेल्टर होम से गायब हुई 26 महिलाएं

punjabkesari.in Thursday, Aug 09, 2018 - 09:04 AM (IST)

प्रतापगढ़(बृजेश मिश्रा): उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के मां विंध्यवासिनी बालगृह में चल रहे सेक्स रैकेट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इसी दौरान प्रतापगढ़ के 2 आश्रय गृहों से 26 महिलाें को लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डीएम शंभु कुमार ने बुधवार को प्रतापगढ़ में 2 आश्रमों में छापेमारी की थी जिसमें 26 महिलाएं गायब मिलीं।

जानकारी मुताबिक जिले के अष्टभुजानगर और अचलपुर में चल रहे आश्रय गृहों में डीएम ने पहले दिन में छापा मारा था। इस दौरान उन्हें वहां पर सिर्फ 6 महिलाएं ही मिलीं थी। अन्य महिलाओं के बारे में संचालिका रमा मिश्रा ने बताया था कि वह काम करने के लिए बाहर गई हैं। जिसके बाद जिला प्रशासन ने रात तक महिलाओं के आने का इंतजार किया, रात करीब 10 बजे एसडीएम सदर एसपी सिंह दलबल के साथ आश्रय पहुंचे, जहां मौके पर 3 महिलाएं ही मिलीं।

एसडीएम के सवाल पर संचालिका ने बताया कि आज महिलाएं नहीं लौटी हैं, उनकी तलाश की जा रही है। उधर अचलपुर में चल रहे आश्रय गृह में 15 में से सिर्फ 3 महिलाएं रात तक मिलीं। यहां 12 महिलाएं गायब पाईं गईं। फिलहाल आश्रय संचालिकाओं से पूछताछ की जा रही है।

Anil Kapoor