ताजमहल में बम की सूचना के बाद मचा हड़कंप, 4 घंटे चला सर्च आप्रेशन

punjabkesari.in Saturday, Aug 12, 2017 - 11:45 AM (IST)

आगरा: आगरा में ताजमहल के अंदर बम मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। हालांकि 4 घंटे चले सर्च आप्रेशन के बाद भी पुलिस को कुछ नहीं मिला है। बम की सूचना 100 नंबर पर कॉल कर दी गई थी। पुलिस अब सूचना देने वाले को खोज रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है। यह आम पर्यटकों के लिए नहीं खोला जाता। केवल नमाज पढ़ने वाले लोग ही अंदर आते हैं। ऐसे में सुबह करीब 10.40 बजे एक कॉल ने हड़कंप मचा दिया। 100 नंबर पर पुलिस को कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम माजिद बताया। उसने पुलिस को बताया कि ताजमहल परिसर में बम है। यह जानकारी मिलते ही आनन-फानन में मौके पर पुलिस, बी.डी.एस. और डॉग स्क्वायड टीम पहुंची।

फोर्स ने करीब 4 घंटे तक पूरे ताजमहल परिसर और इसके आसपास सघन तलाशी ली। इसके बाद कुछ न मिलने पर राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि कॉल करने वाले माजिद की लोकेशन मथुरा आई है। अब पुलिस सूचना देने वाले की तलाश कर रही है।