अवैध संबंध का शक बना काल: पत्नी एवं भाई की हत्या के बाद युवक ने खुद को मारी गोली,पिता घायल

punjabkesari.in Friday, Jul 15, 2022 - 05:51 PM (IST)

बाराबंकी: जिले में थाना सुबेहा क्षेत्र के ग्राम शुक्लनपुरवा में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने अवैध संबंध के शक होने पर धारदार हथियार से अपनी पत्नी एवं छोटे भाई की कथित रूप से हत्या कर दी तथा बादपिता को घायल कर खुद को गोली मार ली। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भर्ती करवाया एवं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि 35 वर्षीय विजय कुमार शुक्ला ने अपनी पत्नी से अवैध संबंध के शक के चलते अपने छोटे भाई 32 वर्षीय अजय शुक्ला की गंडासे से काटकर हत्या कर दी तथा जब उसे बचाने उसके 65 वर्षीय पिता राजनारायण शुक्ला पहुंचे तो उनपर भी जानलेवा हमला किया।

वत्स के अनुसार बाद में विजय कुमार शुक्ला मकान की छत पर पहुंच कर लोगों को बताया की उसने दो दिन पूर्व 34 वर्षीय अपनी पत्नी अंजुली शुक्ला की भी गड़ासे से काट कर हत्या कर दी एवं शव को घर के एक कमरे में रखा है। पुलिस अधिकारी के अनुसार उसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक मनोज पांडे मौके पर पहुंच गए। पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। 

Content Writer

Ramkesh