शिवपाल के बाद अब राजा भैया पर भी मेहरबान हो सकती है योगी सरकार

punjabkesari.in Sunday, Oct 14, 2018 - 09:41 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक और झटका देने के मूड में है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनो में अखिलेश का खाली बंगला पूर्व मंत्री और ‘दंबग’ निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के नाम हो सकता है।

इससे पहले शुक्रवार को राज्य सरकार ने बसपा प्रमुख मायावती का बंगला समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक और विधायक शिवपाल सिंह यादव को आवंटित किया था।  उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार हाल ही में उत्तर प्रदेश के 6 पूर्व मुख्यमंत्रियों मुलायम सिंह यादव,अखिलेश यादव,मायावती,राजनाथ सिंह,नारायण दत्त तिवारी और कल्याण सिंह ने अपने-अपने बंगले खाली किए थे।

सूत्रों ने बताया कि मार्च 2017 में मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद अखिलेश यादव ने अपना सरकारी बंगला खाली किया था जिसे राजा भैया को आवंटित किया जा सकता है। बंगले में मरम्मत और रंगरोगन का काम पिछले 5 दिनो से चल रहा है। हालांकि राजा भैया इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नही है।

राजा भैया 1993 से लगातार प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से विधायक रहे है। इस दौरान वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इससे पहले सूबे के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने अखिलेश द्वारा खाली किये गए बंगले के लिए आवेदन किया था। मंत्री का तर्क था कि उनका मौजूदा आवास काफी छोटा है।

इस बीच राजा भैया इन दिनों नई पार्टी बनाने को लेकर खासी चर्चा में हैं। आगामी 30 नवम्बर को वह लखनऊ में अपनी ताकत का अहसास कराएंगे जब वह अपनी नई पार्टी की घोषणा करेंगे। निर्दलीय नेता के करीबी सूत्र ने बताया कि उनकी नई पार्टी का नाम जनसत्ता पार्टी होगा जिसके पंजीकरण की प्रक्रिया चुनाव आयोग के पास शुरू की जा चुकी है। दूसरी ओर यह भी रिपोर्ट आ रही है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में शिवपाल और राजा भैया उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं।

Anil Kapoor