बसपा के बाद अब इस पार्टी ने भी की सपा को समर्थन देने की घोषणा

punjabkesari.in Tuesday, Mar 06, 2018 - 04:35 PM (IST)

लखनऊः बसपा के बाद अब इण्डियन नेशनल लीग ने उत्तर प्रदेश की गोरखपुर एवं फूलपुर लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की है।  लीग के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. मुहम्मद सुलेमान की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस संबंध में निर्णय कर समर्थन की घोषणा की है।

बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय भागीदारी आन्दोलन के संयोजक पी सी कुरील, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाजी फहीम सिद्दीकी, पूर्व सांसद विश्वनाथ शास्त्री, मुहम्मद आफाक, सचिव इन्द्र प्रकाश बौद्ध आदि ने भाग लिया। कुरील ने बताया कि बैठक में फूलपुर एवं गोरखपुर में हो रहें सांसद के उपचुनाव पर चर्चा की गई।

उन्होंने चर्चा के बारे में बताते हुए कहा कि अभी त्रिपुरा में जीत के नशे में चूर भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने लेनिन की मूर्ति को ध्वस्त कर दिया है। इसलिए विकृत मानसिकता रखने वाली पार्टी भाजपा को किस प्रकार बाहर किया जाए इस पर निर्णय लेते हुए सभी नेताओं ने एक मत होकर दोनों सीटों पर सपा उम्मीदवारों का समर्थन करने का ऐलान किया। भविष्य में भारतीय संविधान और देश को बचाने के लिए आवश्यकता पड़ी तो यूपी महा गठबन्धन में शामिल होने के लिए विचार किया जा सकता है।