मिनी ट्रक को टक्कर मारने के बाद पलटी अनियंत्रित बस, 4 की हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Feb 25, 2018 - 09:52 AM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद के नगला खंगर क्षेत्र में रविवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 30 लोग घायल हो गए, जिसमें 4 की हालत गम्भीर है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि निजी बस बिहार से दिल्ली जा रही थी। सुबह करीब साढ़े 5 बजे तेज रफ्तार बस मिनी ट्रक को टक्कर मारने के बाद पलट गई। हादसे में करीब 30 लोग घायल हो गए। घायल यात्रियों का कहना था चालक ने रास्ते में ढाबे पर बस रोककर शराब पी थी। उसके बाद एक जगह और बस अनियंत्रित हुयी थी तब भी बाल बाल बचे लेकिन फिरोजाबाद में आते ही यह हादसा हो गया।

उन्होंने बताया कि बस पर सवार सभी यात्री बिहार से दिल्ली जा रहे थे। घायलों में से 15 को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घायलों में कुछ महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।