सिटी फॉरेस्ट में किशोरी के बाद अब महिला से दरिंदगी, गुंडों ने पति के सामने खींची साड़ी...मारपीट कर बनाया वीडियो

punjabkesari.in Wednesday, Aug 24, 2022 - 12:13 AM (IST)

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर शहर के सिटी फॉरेस्ट में एक किशोरी को निर्वस्त्र कर दरिंदगी करने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इस बीच जंगल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में इस बार किशोरी नहीं बल्कि एक महिला को निर्वस्त्र करने की कोशिश की गई। 6 दिन में यह सिटी फॉरेस्ट की दूसरी घटना है। महिला अपने पति के साथ घूमने सिटी फॉरेस्ट गई थी। गुंडों ने जैसे ही महिला की साड़ी खींची तो वह गुंडों से ही भिड़ गई। इस मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



बता दें कि वायरल वीडियो हमीरपुर के सिटी फॉरेस्ट के जंगल का है, जहां घूमने गए पति-पत्नी को दरिंदों ने लूटपाट करने के इरादे से निशाना बनाया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आधा दर्जन आरोपी लड़के दबंगई करते दिखते हैं, जहां वे पहले तो पति को छड़ी से मारते-पीटते हैं। जब पत्नी इसका विरोध करती है तो उसके साथ भी साड़ी खींच कर बदसलूकी करते हैं और पुलिस बुलाने की धमकी देते है। जिस पर कपल खुद को पति-पत्नी बता रहा है और महिला निर्भिक होकर कहती है कि हम पति-पत्नी हैं और आपको वीडियो बनाना है तो बना लो, पुलिस बुलानी है तो बुला लो।



दबंगों का अड्डा बना सिटी फॉरेस्ट
लगातार सिटी फॉरेस्ट में दबंगों की दबंगई सामने आ रही है। वहीं, पुलिस की सिटी फॉरेस्ट में गश्त करना तो दूर निगरानी भी फेल है। एक के बाद एक हादसों के आंकड़े की संख्या बढ़ती जा रही है, इसके बावजूद पुलिस नहीं जागी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सिटी फॉरेस्ट शराबियों और दबंगों का अड्डा बना हुआ है, लेकिन पुलिस कोई एक्शन नहीं ले रही है।



6 दिन पहले सिटी फॉरेस्ट के जंगल में ही लड़की से हुईं थी दरिंदगी
गौरतलब है कि इससे पहले 16 अगस्त को सिटी फॉरेस्ट के जंगल में प्रेमी के साथ घूमने आईं युवती के साथ दरिंदगी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें 6 आरोपियों ने लड़की और उसके प्रेमी के साथ मारपीट की थी। इतना हीं नहीं दरिंदो ने लड़की को निर्वस्त्र कर वीडियो भी बनाया। ये आरोपी लड़की को न केवल मार रहे थे, बल्कि न्यूड कर उसकी इज्जत से खेल रहे थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

Content Writer

Mamta Yadav