श्रीराम मंदिर बनने के बाद पत्नी और बच्चों के साथ करूंगा दर्शन: अखिलेश यादव

punjabkesari.in Tuesday, Dec 15, 2020 - 03:31 PM (IST)

अयोध्या: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में ऐलान किया कि राम मंदिर बनने के बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दर्शन करने आएंगे। अखिलेश ने कहा कि भगवान विष्णु के जितने भी अवतार हैं उन्हें वह भगवान मानते हैं। जब भगवान राम 14 वर्ष बाद अयोध्या आए थे तो उनके ऊपर पारिजात के फूलों की वर्षा की गई थी इसीलिए उनकी सरकार में सबसे पहले अयोध्या में पारिजात के वृक्ष लगाए गए।



सपा अध्यक्ष ने यह जताने की पूरी कोशिश की कि अयोध्या में राम मंदिर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तहत बन रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में भाजपा के विकास कार्य अपनी सरकार के कार्यकाल को देते हुए भारतीय जनता पार्टी को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की। अखिलेश ने कहा कि अयोध्या और फैजाबाद में जो भी विकास कार्य हुए हैं वह सब सपा के कार्यकाल में हुए हैं।


पूर्व मुख्यमंत्री ने आजम खान का बचाव करते हुए सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। उन्होंने कहा आजम के खिलाफ योगी सरकार ने जबरन गलत मुकदमे दर्ज कराए हैं समाजवादी पार्टी उनके साथ हैं। उन्हें कोर्ट पर पूरा भरोसा है और आजम खां छूटकर आएंगे पूरी समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। 

 

Umakant yadav