मोदी सरकार पर बरसे अफजाल अंसारी, कहा-ये लोग सोना भी छू लें तो मिट्टी हो जाएगा

punjabkesari.in Friday, Sep 06, 2019 - 10:54 AM (IST)

गाजीपुर: गाजीपुर से बसपा सांसद अफजाल अंसारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि देेेश इस समय आर्थिक संकट से जूझ रहा है। मोदी सरकार ने देश का सोना गिरवी रख दिया है और भारतीय रिजर्व बैंक का रिजर्व रुपया अनाप-शनाप ढंग से खर्च कर रहे हैं।

उन्होंने कहा जिस तरीके से आर्थिक मंदी के क्षेत्र में भारत पूरी तरह से दलदल में फंस गया है। पहले हम विकसित राष्ट्र के श्रेणी में खड़े होने के सपने देख रहे थे और अब हम विकासशील देश की श्रेणी में भी नहीं रहे। आज हम अनुदान पर जीने वाले राष्ट्रों की श्रेणी में आकर खड़े हो गए हैं। बांग्लादेश की मुद्रा का मूल्य हमसे बेहतर हो गया। आज 44 हजार रुपए 10 ग्राम सोने का दाम हो गया जो अभी कुछ दिन पहले 29 हजार के करीब था, क्या हो रहा है देश में? 

देश आर्थिक संकट से गुजर रहा
पारले जी की फैक्ट्रियां बंद हो गई और कितनी फैक्ट्रियां कंगाल हो गई। देश आर्थिक संकट से गुजर रहा है। सरकार का सारा मंत्र फेल हो गया। रिजर्व बैंक की पूंजी निकालने की बात इन लोगों ने नहीं कही थी। यही तो वह पूंजी है जो देश की धरोहर होती है। आज रिजर्व बैंक का सोना और रिजर्व बैंक की पूंजी दोनों ले ली गई है। 

इन लोगों ने धोखा दिया, झूठ बोला
बसपा सांसद ने कहा कि रिजर्व बैंक की पूंजी ही है जिसपर देशवासियों को और दुनिया को भारत पर विश्वास कराती थी। पहले 70 हजार करोड़ रुपए निकाला फिर बाद में 1 लाख 76 हजार करोड़ निकाल लिया। 100 करोड़ सोना गिरवी रख दिया। देश की अर्थव्यवस्था कहां चली गई है इसका अंदाजा देश की जनता को नहीं है। आज अगर देश की जनता को सही बात का पता चल जाए कि देश किस मुकाम पर खड़ा है तो इस सरकार की ऐसी की तैसी हो जाएगी। इन लोगों ने धोखा दिया, झूठ बोला है। 

ये लोग सोना भी छू दें तो मिट्टी हो जाएगा
अफजाल अंसारी ने कहा कि ये लोग(भाजपाई) अगर सोने को इस समय छू दें तो वह भी मिट्टी हो जाएगा। देश के वर्तमान रिजर्व बैंक गवर्नर पर चुटकी लेते हुए कहा कि इतिहास का आदमी आज देश की इकॉनमी चला रहा है और रघुराम राजन जैसा अर्थशास्त्री आज इनकी बात नहीं माना तो उसे नौकरी से हाथ धोना पड़ा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static