आगरावासियों ने भांगड़ा और गिद्दा के साथ मनाई लोहड़ी

punjabkesari.in Saturday, Jan 13, 2018 - 12:11 PM (IST)

आगराः पंजाबी समाज के प्रमुख त्योहार लोहड़ी की खुशियां ताजनगरी आगरा में छाने लगी है। ढोलक की थाप पर भंगड़ा व गिद्दा के संग शुक्रवार रात को पंजाबी सभा ने आगरा के कमला नगर के वृंदावन पार्क में लोहड़ी का पर्व मनाया। इसका शुभारंभ पंजाबी सभा के महानगर अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जिसके बाद इसकी पवित्र अग्नि की परिक्रमा करते हुए सुंदर मुंदरिए हो..का पारंपरिक गीत गाया। ढोल की थाप पर भंगडा और गिद्दा शुरु हुआ तो पूरी रात माहौल पंजाबी लोक नृत्य और संगीत से गूंजता रहा। माहौल में पंजाबियत की महक बिखरी दिखाई दी। मंच पर भी गिद्दा बोलियां टप्पे आदि की प्रस्तुति दी गईं। साथ ही बेटी बचाओं के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए नाटक का मंचन किया गया।

इस दौरान 35 बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 22 नवजात शिशुओं और 18 नवविवाहित जोड़ों के साथ क्षेत्र के 25वीं और 50वीं लोहड़ी मना रहे जोड़ों, क्षेत्र के 28 मेधावियों को साथ 90 वर्षीय इंद्रजीत सिंह एवं सुंदर देवी का भी सम्मान हुआ।
वहीँ पंजाबी गीतों पर महिलायों के गिद्दे ने धूम मचा दी। कार्यक्रम में मौजूद हर व्यक्ति थिरकने को मजबूर दिखाई दिया। लोहड़ी मेले में आए हुए सभी लोगों ने विभिन्न लजीज पंजाबी व्यंजनों का भी स्वाद लिया।