Agra: पुरानी रजिंश के चलते हुए झगड़े में एक ही परिवार के दो पक्षों में गोलीबारी, एक की मौत...7 घायल

punjabkesari.in Friday, Oct 28, 2022 - 09:41 PM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौमा शाहपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हुए झगड़े में गोलीबारी हुई। इस दौरान एक युवक ने तमंचे से गोली मारकर चचेरे भाई की हत्या कर दी जबकि दोनों पक्ष के सात लोग घायल भी हुए हैं।

तमंचे से चली गोली विक्रम सिंह के सीने में लगी
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार देर शाम चौमा शाहपुर निवासी शिव सिंह का अपने चचेरे भाई विक्रम सिंह से पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान तमंचे से चली गोली विक्रम सिंह के सीने में लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विक्रम को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। इस संबंध में थाना फतेहपुरसीकरी के निरीक्षक बलवान सिंह ने शुक्रवार को बताया कि रंजिश में गोली चलायी गयी है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोरोना काल में हुई थी मृतक के भाई की मौत
गौरलतब है कि कोरोना काल में विक्रम के बड़े भाई भारत की मौत हो गई थी। आरोपी शिव सिंह के पिता रणवीर सिंह बघेल व भारत छत्तीसगढ़ के एक प्लांट में काम करते थे। भारत के परिजन का आरोप था कि रणवीर सिंह ने भारत की जान ली है। तभी से दोनों परिवारों में रंजिश है। इसी कारण बृहस्पतिवार को भी दोनों परिवार भिड़ गए थे।

Content Writer

Mamta Yadav