आंधी-तूफान में घायल हुए लोगों का हाल जानने आगरा पहुंचे राजबब्बर, योगी सरकार पर बोला हमला

punjabkesari.in Monday, May 07, 2018 - 04:15 PM (IST)

आगराः उत्तर प्रदेश में आगरा समेत कई जिलों में आंधी-तूफान से भारी जानमाल की क्षति हुई है। बुधवार को आए तूफान में सूबे में 73 लोगों की मौत हुई है, जबकि 91 लोग घायल हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर तूफान पीड़ितों का हाल जानने आज एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घायलों से मिलकर उन्होंने सांत्वना व्यक्त की और चिकित्सकों से उनके इलाज की जानकारी ली। 

इस दौरान वो प्रदेश सरकार पर भी जमकर बरसे। राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश सरकार इस गंभीर आपदा के बाद भी पीड़ितों से मुआवजे के नाम पर छल कर रही है। पहले सहायता राशि का चेक एसडीएम देते हैं। फिर उपमुख्यमंत्री देते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री स्वयं आते हैं तो फिर वही चेक पीड़ित से लेकर उसे मुख्यमंत्री से दिलवाया जाता है। मुआवजा मिलता भी है तो कुल 5200 रुपए। 

उन्होंने कहा कि बहुत तबाही और बर्बादी हुई है। आपदा राजनीति का मुद्दा नहीं है, ये गंभीर समस्या है। सभी सामाजिक संगठनों और कांग्रेस के लोगों को मिलकर तूफान पीड़ितों के पुनर्वास में मदद करनी चाहिए। प्रदेश में उपचुनाव पर राज बब्बर ने कहा कि जो प्रत्याशी भाजपा को हराएगा, उसको कांग्रेस का समर्थन दिया जाएगा। अन्य निर्णय कर्नाटक चुनाव के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाधी लेंगे। 

Ruby