विदेशी प्रवासी पक्षियों से गुलजार है आगरा की कीठम झील, पर्यटकों की लगी भीड़

punjabkesari.in Friday, Jan 08, 2021 - 12:12 PM (IST)

आगरा: आगरा के सूर सरोवर पक्षी विहार में इन दिनों विदेशी प्रवासी पक्षियों से गुलजार है। अब आगरा का पक्षी विहार भरतपुर के केवला देव घना पक्षी विहार को कड़ी टक्कर दे रहा है। इन दिनों हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर विदेशी पक्षिय़ों ने आगरा के कीठम झील में अपना बसेरा बना रखा है। आगरा शहर से मात्र 18 किलोमीटर दूर स्थित कीठम झील में बने सूर सरोवर पक्षी विहार में इस समय प्रवासी पक्षियों की भारी तादाद मौजूद है। कीठम झील आने वाले प्रवासी पक्षियों के यहां का वातावरण अनुकुल है। झील में पक्षियों को पर्याप्त मात्रा में भोजन भी आसानी से मिल जाता है और वहीं विदेश से आए ये मेहमान अपने आपकों यहां सुरक्षित भी महसूस करते है। इस बार पक्षी विहार में हजारों की तादाद में विदेशी मेहमानों ने यहां अपना बसेरा बनाया हुआ है।
PunjabKesari
आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे स्थित कीठम झील 100 एकड़ में फैली है। इस साल अच्छी बारिश के चलते समय पर ठंड पड़ने से गुजरात, जम्मू-कश्मीर के अलावा श्रीलंका, पाकिस्तान, चीन, म्यांमार, बांग्लादेश, भूटान सहित अन्य देशों से आए हजारों पक्षी डेरा डाल चुके हैं। ये फरवरी के अंतिम सप्ताह तक यहां रहेंगे। कीठम में इस बार हेडेड गूज की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बड़ी संख्या में फ्लेमिंगो भी पहुंच रहे हैं। यह पक्षी कच्छ की खाड़ी से यहां आते हैं। इस बार पेलिकन, विसलिंग टील, बार हेडेड गूज, चाइना कूट, कॉम डक, सोविलर, स्पॉट बिल डक, पिनटेल, विजिन, ग्रेलगूज, कॉमनटील, स्पेल बिल डक, विजिन, कॉमन पोचाल्ड, स्पून बिल, ओपनबिल स्टॉर्क, ब्लैक नेक स्टॉर्क, बैंडेड स्टॉर्क, कारमोरेंट, ई ग्रेट सहित कई अन्य प्रजाति भी आयी है। इसके अलावा वाइट ब्रेसटेड किंगफिशर और लेसर पैड किंगफिशर भी यहां आकर्षण का केंद्र बने हुए है।
PunjabKesari
इन देशी-विदेशी पक्षियों को देखने के लिए पर्यटकों का भी आना शुरु हो गया है। रोजाना सैंकड़ों की तादाद में पर्यटक इन प्रवासी पक्षियों के देखने आ रहे है। आगरा के कीठम स्थित सूर सरोवर पक्षी विहार में अब पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने के लिए वन विभाग की कवायद भी शुुरु हो गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static