होमगार्ड घोटाले पर बोले अजय कुमार लल्लू- गले तक भ्रष्टाचार में डूबी है योगी सरकार

punjabkesari.in Thursday, Nov 14, 2019 - 11:15 AM (IST)

प्रयागराजः गौतमबुद्धनगर में होमगार्डों की कथित तौर पर हाजिरी लगाकर किए गए घोटाले को लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने योगी सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि योगी सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी हुई है और एक के बाद एक घोटाले इसी तरह से उजागर होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी होमगार्डों के साथ है और कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक होमगार्डों की लड़ाई भी लड़ेगी।

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि होमगार्डों के बाद सहकारिता और दूसरे घोटाले भी जल्द सामने आएंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि इन घोटालों के सामने आने के बाद भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस का दावा करने वाली योगी सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब हुआ है।

वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी की यूपी में सक्रियता को लेकर कहा है कि प्रदेश की हर गतिविधि पर उनकी पैनी नजर रहती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि प्रियंका गांधी लगातार यूपी में जनता, नौजवानों, महिलाओं और किसानों की आवाज बनी हैं। इसके साथ ही प्रदेश की कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी योगी सरकार को लगातार घेरती आ रही हैं।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका गांधी यूपी में लगातार कांग्रेस का नेतृत्व कर रही हैं और 2022 का विधानसभा चुनाव भी कांग्रेस पार्टी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने कहा है कि 2022 का विधानसभा चुनाव प्रियंका गांधी की अगुवाई में जीतकर कांग्रेस सरकार बनायेगी।








 

Tamanna Bhardwaj