बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाए सरकार: अजय कुमार लल्लू

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2020 - 11:29 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर खानापूर्ति करने की बजाय मंत्री और अधिकारी जमीनी स्तर पर प्रभावितों को राहत पहुंचाएं।

लल्लू ने कुशीनगर में अपने विधानसभा क्षेत्र में पिपराघाट के देवनारायण टोला, शिव टोला,बुटन टोला,दहारी टोला, उपाध्याय टोला, नरवाजोत, तवकल टोला, फल टोला, हनुमान टोला, जोगनी, इमिलिया टोला, मोटी राय समेत तमाम बाढ़ प्रभावित टोलों का दौरा किया। उन्होने कहा कि स्थिति बड़ी विकट है। रास्ते पानी में विलीन हो चुके है। कोरोना महामारी है लोगों के पास काम नहीं है, राहत के नाम पर सरकार छलावा कर रही है।

उन्होंने कहा कि लोगों का दैनिक कार्य ठप पड़ा है,मवेशियों के चारे का संकट है,लोगों के पास राशन नहीं है। प्रशासन सुस्त है,प्रभावित गांवों में प्रशासन और सरकार का कोई भी अमला ग्रामीणों की सुधि के लिए अब तक नहीं पहुंचा है। ग्रामीण सीने तक पानी में आने - जाने को मजबूर है, कई जगह नदी होने के नाते नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार को अपनी विफलता छिपाने और दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप बन्द कर प्रभावितों की मदद के लिए आगे आना चाहिये। ‘‘ सरकार यह समझे कि‘उड़नखटौले के सर्वे'से लोगों को राहत नहीं मिलती। सरकार ध्यान दें और तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करें।''
 

Tamanna Bhardwaj