संविधान की खातिर मरते दम तक जारी रहेगी लड़ाई: अजय कुमार लल्लू

punjabkesari.in Friday, Dec 20, 2019 - 11:11 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि संविधान की मूल आत्मा को चोट पहुंचाने वाले नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उनकी लड़ाई मरते दम तक जारी रहेगी।

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल लल्लू को गुरूवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस हिरासत में लल्लू ने कहा कि यह कानून देश के संविधान के खिलाफ है जिसमें एक धर्म को निशाना बनाया गया है जो कि संविधान की मूल आत्मा के खिलाफ है। भाजपा देश मे संघी विधान लागू करना चाहती है, पर संघ परिवार का सपना कभी पूरा नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि भारत पूरी दुनिया में अपनी विविधता के लिए जाना जाता है, लेकिन भाजपा की संघी विचारधारा इसे खत्म करना चाहती है, यह भारत की कौमी एकता और संस्कृति के भी खिलाफ है। संविधान बचाने के लिए लोग सड़कों पर उतरे हैं, शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके मौलिक अधिकार को कुचलने का काम कर रही है।

कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना' को पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर लिया है। लल्लू के साथ गिरफ्तार होने वाले प्रमुख लोगों में पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, राजीव त्यागी और मनोज यादव समेत तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल थे।
 

Tamanna Bhardwaj