''वाराणसी जैसा नहीं होने देंगे...'' महिलाओं के विरोध में शामिल हुए अजय राय बोले- कॉरिडोर के नाम पर हो रहा विरासत पर हमला
punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 10:10 PM (IST)

Vrindavan News, (मदन सारस्वत): ठाकुर बाँके बिहारी मंदिर में प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण और मंदिर प्रबंधन के लिए न्यास बोर्ड के गठन को लेकर सेवायत समाज का विरोध अब राजनैतिक रंग लेता जा रहा हैँ। आज मंदिर परिसर में सेवायत गोस्वामी समाज की महिलाओं और पुरुषों ने सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मंदिर पहुंचे और सेवायत परिवारों की महिलाओं से मिलकर उनके आक्रोश और पीड़ा को सुना।
अजय राय ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि "बिना बृजवासियों और सेवायत गोस्वामियों से संवाद किए, सरकार यदि कोई निर्माण कार्य करती है तो यह सरासर लोकतांत्रिक भावनाओं और आस्था का अपमान होगा। "उन्होंने कहा कि "यहाँ भी वही होगा जो बनारस और अयोध्या में हुआ। पहले मंदिरों का अधिग्रहण और फिर गुजरात की किसी कंपनी या ठेकेदार को काम सौंप दिया जाएगा। बनारस में तो मंदिरों की ऐतिहासिक गलियों को मिटा दिया गया, वही मॉडल अब वृंदावन पर थोपा जा रहा है।
"कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि "सरकार बृज की पवित्र कुंज गलियों और विरासत को नष्ट करने पर आमादा है। कॉरिडोर बृजवासियों की राय के अनुसार बने तो बात अलग है, अन्यथा बीजेपी को इसका राजनीतिक नुकसान भुगतना पड़ेगा।" अजय राय ने महिलाओं के विरोध को भावनात्मक मुद्दा बताते हुए कहा कि "जब ठाकुर जी की सेवा करने वाली महिलाएं सड़कों पर उतरकर विरोध कर रही हैं, तो यह महज आंदोलन नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान और आस्था की पुकार है। सरकार को चेत जाना चाहिए कि यही आंदोलन बीजेपी के ताबूत की आखिरी कील बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कॉरिडोर से ठाकुरजी की परंपरागत सेवा व्यवस्था और मंदिर की 500 वर्षों पुरानी विरासत पर संकट खड़ा हो जाएगा। अजय राय ने साफ किया कि कांग्रेस पार्टी ब्रजवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को संसद से लेकर विधानसभा तक उठाया जाएगा।