लखनऊ से अखिलेश का चला हंटर-रईस हुए आऊट, वाजिद इन

punjabkesari.in Thursday, Dec 28, 2017 - 08:24 AM (IST)

आगरा: 2014 का चुनाव फिर 2017 का विधानसभा चुनाव और इसके बाद नगर निकाय चुनाव में तीनों खाने चित्त हुई सपा ने इसकी समीक्षा शुरू की थी, जिसमें हाईकमान ने हार का पूरा ब्यौरा मांगा था। अब इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ी कार्रवाई की जिसमें उनका हंटर चला।

आगरा में पूर्व महानगर अध्यक्ष रह चुके वाजिद निसार को आगरा महानगर का नया अध्यक्ष चुना गया है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम द्वारा जारी किए गए पत्र में इसकी पुष्टि हुई। आगरा से महानगर अध्यक्ष हटाने के बाद पार्टी में खलबली का आलम है और माना जा रहा है इसके बाद और भी पदाधिकारियों पर गाज गिरेगी। गौरतलब है कि चुनाव में हार के बाद यह बात सामने आ रही थी कि अखिलेश यादव पत्ते फेंटेंगे। महानगर अध्यक्ष के बदलाव की अंदरूनी सूत्रों ने पुष्टि भी की थी जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बदलाव कर खबर पर मोहर लगाई और चुनाव में हार के बाद समीक्षा और कार्यकारिणी में बदलाव किया गया।

इस मसले में राजनीति के जानकारों का कहना है कि देर से ही सही लेकिन, अखिलेश यादव की पार्टी ने बड़ा एक्शन लिया है। निकाय चुनाव के बाद सपा में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव हुआ है। आगरा में महानगर अध्यक्ष पद से रईसुद्दीन कुरैशी को हटाने के बाद अभी और भी कइयों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। जानकारों के मुताबिक सपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है और अखिलेश यादव की पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

समाजवादी पार्टी के इस अभियान ने स्पष्ट कर दिया है कि जो पार्टी के लिए काम नहीं करेगा, पार्टी उसका पत्ता काटने से पीछे नहीं हटेगी। सूत्रों का कहना है कि निकाय चुनाव में महानगर अध्यक्ष रईसुद्दीन कुरैशी पर टिकट वितरण में अनियमितताओं के आरोप लगे थे।