अखिलेश का योगी पर हमला, कहा- उम्मीद है हार के बाद भाजपाईयों की भाषा बदल जाएगी

punjabkesari.in Thursday, Mar 15, 2018 - 01:34 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की 2 लोकसभा सीट गाेरखपुर आैर फूलपुर पर हुए उपचुनावों के नतीजे बुधवार को आ चुके हैं। दाेनाें ही सीटाें पर सपा प्रत्याशी ने अप्रत्याशित जीत दर्ज की है। वहीं उपचुनाव के नतीजों के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अखिलेश ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास के रास्ते पर सपा ही ले जा सकती है। हम मीटिंग में कम गांव में जाने पर ज्यादा भरोसा रखते हैं। बीजेपी क्या चाहती है यह हमें पता नहीं। योगी सरकार ने गरीब महिलाओं से उनकी पेंशन छीनी है। गोरखपुर में ऑक्सीजन ना मिलने से बच्चों की मौत हुई। हमारी जीत बड़ा राजनीतिक संदेश है। हम साइकिल पर गांव में जाने पर भरोसा रखते हैं। उम्मीद है हार के बाद भाजपाईयों की भाषा बदल जाएगी।

अखिलेश ने कहा कि कई ईवीएम में पहले से ही वोट पड़ा था। अगर ईवीएम ठीक होती तो हमारी जीत और भी बड़ी होती। साथ ही उन्होंने इस जीत के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ हमारा रिश्ता बना ही रहेगा। उन्होंने संगठन के सभी लोगों को जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नौजवानों ने इस जीत के लिए कड़ी मेहनत की है।