CBI विवाद पर बोले अखिलेश-BJP देश की जनता का ध्यान भटकाने का कर रही काम

punjabkesari.in Friday, Oct 26, 2018 - 02:47 PM (IST)

लखनऊः सीबीआई विवाद अब लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है, जहां एक ओर कांग्रेस मोदी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रही है तो वहीं अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है। 

अखिलेश ने सीबीआई विवाद पर बोलते हुए कहा कि बीजेपी देश की जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। इंस्टीट्यूशन से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। सरकार ने सीबीआई का दूरप्ररयोग किया है। देश की एक संस्था पर आरोप लग रहा है। सपा अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि जब से सीबीआई में झगड़ा हुआ है तब से हम 2 रोटी ज्यादा खा रहे हैं। इसके साथ ही चाचा शिवपाल यादव के नई पार्टी बनाने पर उनकी विधानसभा सदस्य की सदस्यता रद्द नहीं करने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे अन्याय दिखाई दे। 

 

इस दौरान अखिलेश यादव ने पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं से अपील की है कि आने वाले चुनाव में सपा को जीताएं। उन्होंने कहा कि युवा वोटर सपा की तरफ देख रहा है।गठबंधन पर उन्होंने कहा कि जहां हो चुका है वहां चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा से बातचीत चल रही है।

बता दें कि इससे पहले छुट्टी पर भेजे गए सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को बहाल करने की मांग को लेकर आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में सीबीआई दफ्तरों के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। हालांकि, राहुल गांधी दिल्ली सीबीआई हेड ऑफिस तक नहीं पहुंच पाए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं लखनऊ में भी यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी सीबीआई दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन किया। जिस दौरान उनकी पुलिस से भी झड़प हुई। 

Ruby