अखिलेश ने पूनम सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने का किया कार्यकर्ताओं से आह्वान

punjabkesari.in Wednesday, May 01, 2019 - 10:08 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी पूनम सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ के हर कोने को संवारने और सुन्दर बनाने का काम समाजवादियों ने किया है। भाजपा के पास गिनाने को एक भी काम नहीं है। 

उन्होंने कहा कि बूथ रक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में 06 मई को वोट डलवाए। चुनाव में गिनती वोटों की होती है। लखनऊ में चुनाव यहां काम पर ही होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय मेट्रो रेल चली, समाजवादी पेंशन दी गई, अंतररष्ट्रीयस्तर का इकाना स्टेडियम बना, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे बनाया गया। इतना ही नहीं लोकनायक जेपी इंटरनेशनल सेंटर बना, घंटाघर और पुराने लखनऊ का सुंदरीकरण कराया, जनेश्वर मिश्र पाकर्, लोहिया पाकर्, रिवरफ्रंट लखनऊ की शान हैं। 

यादव ने कहा कि हजरतगंज में मुफ्त वाईफाई सुविधा उनकी सरकार के समय दी गई , महिला सुरक्षा के लिए 1090, अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100, समाजवादी एम्बूलेंस सेवा 108 एवं 102 की व्यवस्था की। छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे गए। गोमती को निर्मल किया, यहां अहमदाबाद के रिवरफ्रंट से ज्यादा खूबसूरत रिवरफ्रंट बना है। मतदाताओं तक समाजवादी सरकार की इन उपलब्धियों को पहुंचा देंगे तो सभी वोट साइकिल निशान पर मिलेंगे।

Ruby