अखिलेश ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस पर दी बधाई, BJP पर साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Jan 26, 2019 - 12:44 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देशवासियों को 70वें गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए उनकी सुख समृद्धि का कामना की साथ ही केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर संविधान की मूल आत्मा पर आघात करने का आरोप भी लगाया।  गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने बयान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि आज के दिन ही भारत में गणतंत्र को संवैधानिक स्वरूप एवं मान्यता मिली थी। भारत के संविधान की प्रस्तावना का निर्माण भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के लिए किया गया।

यादव ने सभी से समाजवादी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए लोकतंत्र को ताकत देने की अपील की है।उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वालों का अभिनन्दन करते हुए उनके ‘‘सुराज‘‘ के सपने को पूरा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। अखिलेश यादव ने कहा है कि आज के ही दिन भारत के संविधान को लागू किया गया था। हमें संविधान का सम्मान और आपसी भाईचारा तथा सामाजिक सौहार्द को हर कीमत पर बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए  भारत के संविधान की प्रस्तावना में सभी नागरिकों के लिए न्याय, स्वतंत्रता और समानता की गारंटी है। पंथनिरपेक्षता और समाजवाद के लिए प्रतिबद्धता है।

अखिलेश ने कहा है कि भाजपा सरकार ने संविधान की मूल आत्मा पर ही आघात करने का काम किया है। उसे समाजवाद से चिढ़ है और उसकी नीयत समाज को बांटने तथा नफरत का जहर फैलाने की है। सत्ता के लिए एकाधिकारी प्रवृत्ति के साथ भाजपा ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है। यादव ने कहा कि भाजपा ने सामाजिक और आर्थिक न्याय के सिद्धांतों की अवहेलना के साथ लोगों को संविधान प्रदत्त अधिकारों से वंचित करने की ठान ली है। व्यक्ति को गरिमा के साथ जीने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर नियंत्रण और अवमूल्यन किया जा रहा है। भाजपा के रहते भारत की स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्य सुरक्षित नहीं रह सकते हैं। 

Ruby