अखिलेश ने परिवार संग उठाया मलिहाबादी आम के स्वाद का लुत्फ, पी नेता जी के नाम की चाय

punjabkesari.in Sunday, Jul 18, 2021 - 10:38 AM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को परिवार संग अदभुद मिठास वाले मलीहाबादी दशहरी आम के स्वाद का लुफ्त उठाया।  यादव पद्मश्री, यश भारती सम्मानित हाजी कलीमुल्ला खां के आमंत्रण पर मलिहाबाद गए थे। उनके साथ पुत्र अर्जुन और पुत्री टीना भी थे। कलीमुल्ला खां ने आम का वह पेड़ भी दिखाया, जिस पर 300 वैरायटी के आम लगते है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को दो किलो का आम भेंट किया जिसका नाम ‘राजावाला‘ रखा गया है। खां ने बताया कि यह आम अफगानी नस्ल का है।

सपा अध्यक्ष ने मलिहाबाद में नेता जी (मुलायम सिंह यादव) के नाम की चाय और मिष्ठान्न की दुकान पर भी रूककर चाय पी, जहां अखिलेश का चित्र लगा था। जिस पर ‘‘वाह क्या चाय है‘‘ लिखा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यादव से किसानों ने शिकायत की कि आम उत्पादकों की बेहतरी के लिए भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही है। कीटनाशक दवाएं नकली मिल रही हैं। इस बार आम में 80 प्रतिशत फूल (बौर) था पर 15 प्रतिशत ही आम बचा है। उसमें से 70 प्रतिशत आम काला हो गया है। मंडियों में अब यहां के आम की पूछ नहीं रह गई है। फलपट्टी में सरकारी रवैये के खिलाफ काफी आक्रोश है।

यादव ने कहा कि भाजपा राज में महंगाई की मार से हर नागरिक दु:खी और परेशान है। किसानों को आय दुगनी करने के नाम पर धोखा मिला है। उन्हें फसल की लाभप्रद लागत भी नहीं मिली। खेती-किसानी का हर सामान भाजपा सरकार में महंगा हो गया है। चारों ओर भ्रष्टाचार और अराजकता का बोलबाला है। उन्होंने बताया कि आम किसानों को कोई सरकारी मदद नहीं मिली। वे बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं। कोविड के दिनों में आम उत्पादकों को आर्थिक हानि उठानी पड़ी है। 


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj