CM Yogi की पहल लाई रंग, जंग के बीच फंसे UP के लाल की हुई वतन वापसी, जानिए रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी इनसाइड स्टोरी

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 04:05 PM (IST)

अंबेडकर नगर : इजराइल में फंसे अंबेडकर नगर के एक युवक की उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर सकुशल वापसी हुई है। आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि इज़राइल के संघर्षग्रस्त नेटान्या शहर में फँसे अखिलेश कुमार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश व जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की पहल पर जॉर्डन के रास्ते सकुशल वापस लाया गया है। इसमें कहा गया कि अखिलेश कुमार इज़राइल में रोजगार के लिए गए थे, किन्तु वहां उनके नियोक्ता के असहयोग एवं युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव में आ गए और उनकी स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वह स्वयं लौटने में असमर्थ हो गए। 

जनता दर्शन में पत्नी ने लगाई थी गुहार 
बयान के मुताबकि, इस दौरान उनकी पत्नी किरण देवी ने 25 मार्च 2026 को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी अंबेडकर नगर अनुपम शुक्ला से मिलकर अपने पति की सुरक्षित वापसी की अपील की। इसमें कहा गया कि जिलाधिकारी ने तत्काल इसकी जानकारी शासन को भेजी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उच्चाधिकारियों को अखिलेश की सकुशल वापसी के निर्देश दिए। तब 28 मार्च 2026 को इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास को इस संबंध में औपचारिक पत्र प्रेषित किया गया। 

जानें रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी स्टोरी
बयान के अनुसार, भारतीय विदेश मंत्रालय ने तेल अवीव में मौजूद भारतीय राजदूत, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों, जॉर्डन में भारत के राजदूत एवं जॉर्डन प्रशासन से निरंतर उच्चस्तरीय समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी प्रक्रिया को तीव्र गति से आगे बढ़ाया गया। इसमें कहा गया कि इज़राइल के हवाई अड्डे बंद होने के कारण वैकल्पिक रणनीति के तहत एक अप्रैल को जॉर्डन के वीज़ा एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा दो अप्रैल को अखिलेश कुमार को विशेष वाहन से सुरक्षित तरीके से तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास तक लाया गया, जहां से उन्हें स्थल मार्ग से सुरक्षित रूप से जॉर्डन सीमा तक पहुंचाया गया। 

जॉर्डन से लखनऊ कैसे पहुंचे अखिलेश
बयान में कहा गया कि इसके बाद जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावास एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उन्हें अम्मान (जॉर्डन की राजधानी) पहुंचाया गया। बयान के अनुसार, वहां से कुमार ने दो अप्रैल को रात्रि 20:40 बजे 'रॉयल जॉर्डनियन' की उड़ान पकड़ी और तीन अप्रैल को सुबह चार बजकर 55 मिनट पर सकुशल मुंबई पहुंच गए। मुंबई हवाई अड्डे पर रॉयल जॉर्डनियन के प्रतिनिधि ऋषभ सिंह ने कुमार को पूरी सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें एअर इंडिया कर्मियों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद वह एअर इंडिया की उड़ान से लखनऊ पहुंच गए। 

इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा भी समुचित सहयोग प्रदान किया गया। बयान में कहा गया कि लखनऊ पहुंचने पर कुमार अपने परिजनों से मिले और इसके बाद उन्हें उनके घर तक पहुंचा दिया गया। इसमें कहा गया कि शनिवार को कुमार ने अपनी पत्नी किरण देवी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से भेंट की और गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। कुमार के घर पहुंचने से अंबेडकर नगर के गांव हाजपुरा में खुशी का माहौल है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static