‘सरकारी खजाने के बेवजह इस्तेमाल का अखिलेश को है खासा अनुभव’

punjabkesari.in Monday, Apr 23, 2018 - 03:28 PM (IST)

बलिया: देश में नगदी की किल्लत के लिए भाजपा नेताओं को जिम्मेदार बताने के सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए यूपी सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यादव को जनहित की योजनाओं के लिए आवंटित धन के बेजा इस्तेमाल करने का खासा अनुभव है।

शाही ने पत्रकारों से कहा कि यादव कहते हैं कि भाजपा नेताओं ने एटीएम खाली किए गए। उन्हें इसका तकनीकी ज्ञान है कि जनता की बेहतरी के लिए बनाई गई योजनाओं का धन कैसे खाली किया जाता है। वास्तव में कृषि व्यवस्था और किसानों की बर्बादी के लिए उत्तर प्रदेश मे 15 सालों तक राज करने वाली पिता पुत्र की सरकार जिम्मेदार है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 2020 तक किसानों को उनकी उपज का दोगुना दाम दिलाने के लिए कटिबद्ध है। खेती को लाभकारी बनाने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ की कृषि इकाई के सहयोग से 52 करोड़ रूपए की परियोजना शुरू की जा रही है। इसमें प्रदेश को कृषि जलवायु के आधार पर नौ जोन मे बांट कर 10 हजार हैक्टेयर क्षेत्र मे मोटा अनाज पैदा कर किसानों के लिए खेती को लाभकारी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट को लागू करने के पक्ष में है। पूर्व की सरकारों ने खेती किसानी की बेहतरी के लिए कोई काम नहीं किया।

मौजूदा सरकार ने प्रदेश की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 5 बड़ी नहर परियोजना तैयार किया है और बजट मे इसके लिए 15 हजार करोड़ रुपए की व्यवस्था की है।  कृषिमंत्री ने कहा कि 2 मई को किसान कल्याण दिवस प्रदेश के 827 विकास खण्डों मे मनाया जाएगा। इसमें किसान कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला मे खेती में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

Anil Kapoor