Corona Vaccine पर बयान देकर बुरे फंसे अखिलेश, गुस्साए भाजयुमो ने फूंका पुतला

punjabkesari.in Monday, Jan 04, 2021 - 10:38 AM (IST)

देवरिया: समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कोरोना वैक्सीन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए यहां भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला फूंका। यादव के कोरोना टीके पर दिए गए बयान से गुस्साए भाजयुमो कार्यकर्ताओं नै सुभाष चौक पर उनके पुतले का दहन किया।

मोर्चा जिलाध्यक्ष विन्देश पाण्डेय ने कहा कि यादव को कोरोना के वैक्सीन पर भरोसा नहीं है और उत्तर प्रदेश वासियों को अखिलेश यादव पर भरोसा नहीं है। वैक्सीन पर सवाल उठाना, देश के चिकित्सकों एवं वैज्ञानिकों का अपमान है जिसके लिए उन्हें देशवासियों से, चिकित्सकों से और वैज्ञानिकों से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष को शायद पता नहीं कि वैक्सीन भाजपा ने नहीं बनाई है बल्कि देश के वैज्ञानिकों और चिकित्सकों के अथक प्रयास से बनी है, हां ये जरूर है कि केंद्र में अगर भाजपा की सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नहीं होती तो शायद इतनी जल्दी कोरोना की स्वदेशी वैक्सीन नहीं देश को मिल पाती। जब तक वैक्सीन नहीं आई थी तब तक वैक्सीन कब आएगी का शोर मचा रहे थे,अब वैक्सीन आ गई तो उसमें भाजपा दिखने लगी।

पार्टी के जिला मीडिया प्रमुख अम्बिकेश पाण्डेय ने कहा कि अखिलेश यादव का वैक्सीन पर बयान बचकाना है। वैक्सीन वैज्ञानिक बनाते हैं और इसकी निगरानी डब्लूएचओ करता है। सपा के लोग देश के वैज्ञानिकों का सम्मान करना सीखें। स्वदेशी वैक्सीन इतनी जल्दी आना देश के लिए गौरव का विषय है।

Anil Kapoor