मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं अखिलेश, विपक्ष मिलकर लड़ें तो भी BJP को हिला नहीं सकतेः मौर्य

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2020 - 02:09 PM (IST)

लखनऊ:  उत्‍तर प्रदेश में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश न होने के विपक्ष के आरोपों के बीच राज्य के उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा और 2017 विधानसभा चुनाव में मिली सफलता को 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोहराएगी और आगे भी 25 वर्षों तक भाजपा के मुकाबले कोई दल खड़ा होने की स्थिति में नहीं रहेगा।

समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी यूपी भूला नहीं
मौर्य ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी उत्‍तर प्रदेश की जनता अभी भूली नहीं और पिछले तीन चुनावों में जनता ने समाजवादी पार्टी (सपा) , बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस को जो सजा दी है, वह इन दलों को याद रखना चाहिए।'' हाल ही में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरे उप मुख्यमंत्री ने बसपा प्रमुख मायावती पर भी तीखा हमला किया। पूर्व मुख्‍यमंत्री मायावती द्वारा हाल में दिए गये बयान पर कि सपा को हराने के लिए वह भाजपा की मदद कर सकती हैं और फिर यह घोषणा करना कि वह राजनीति से संन्‍यास ले लेंगी लेकिन जीते जी भाजपा से गठबंधन नहीं करेंगी, के बारे में पूछे जाने पर मौर्य ने कहा कि भाजपा को बसपा के सहारे की जरूरत नहीं है।

मायावती महामिलावट से महागिरावट की ओर जा रही हैं
उन्‍होंने कहा, ‘‘मायावती अब महामिलावट से महागिरावट की ओर जा रही हैं। मायावती का पल-पल बदलने वाला बयान उनकी महागिरावट और घबराहट का संदेश है। वैसे भी बयान देना और पलटना उनकी आदत है और यह भी सच है कि मायावती 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद लगातार अपना जनाधार खो रही हैं।'' एक सवाल के जवाब में प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि सभी विपक्षी दल मिलकर सिर्फ केंद्र में भाजपा को कमजोर करने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन विरोधियों को निराशा ही हाथ लगेगी।

अगले चुनाव में फिर से 2017 की सफलता दोहराने के दावे के पीछे आत्मविश्वास की वजह पूछे जाने पर मौर्य ने कहा ,‘‘केंद्र और प्रदेश की दोनों सरकारों ने जनता के साथ जो वादे किए उन्हें पूरा किया है। दूसरी बात यह कि विरोधी संगठनों के मुकाबले भाजपा मजबूत है।'' मौर्य ने कहा, “100 में 60 प्रतिशत वोट हमारा है, बाकी में बंटवारा है और उसमें भी कुछ न कुछ हमारा है।” सपा अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव के मिशन 2022 के लक्ष्‍य और उप चुनाव से ही जीत की शुरुआत के दावे को खारिज करते हुए मौर्य ने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि जनता ने भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान किया है।

अखिलेश को दृष्टि दोष है
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं। उनका सपना, सपना ही रह जाएगा। सपा, बसपा और कांग्रेस सभी मिलकर लड़ें तो भी विपक्ष का सपना पूरा होने वाला नहीं है।'' समाजवादी पार्टी द्वारा उप चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा, ‘‘ जो जैसा करता है वैसा ही दूसरे के बारे में सोचता है। समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी उत्‍तर प्रदेश की जनता भूली नहीं है। सत्‍ता का दुरुपयोग कर किस तरह उनके मंत्री लोगों का उत्‍पीड़न करते थे, यह भी किसी से छिपा नहीं है।'' मौर्य ने यहां तक कहा कि ‘‘ अखिलेश को दृष्टि दोष है और उन्‍हें अपनी दृष्टि ठीक करने के लिए इलाज कराने की जरूरत है।'' उत्‍तर प्रदेश के पिछड़े वर्ग के प्रमुख नेताओं में शुमार केशव प्रसाद मौर्य ने एक दशक के भीतर राजनीति में अहम मुकाम हासिल किया है।

Moulshree Tripathi