जीतने के लिए चाचा की दाढ़ी खुजला रहे अखिलेश: इटावा में भूपेन्द्र चौधरी बोले- अब पूरा यूपी भाजपा का गढ़

punjabkesari.in Wednesday, Nov 23, 2022 - 07:50 PM (IST)

इटावा: मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि अब सपा का कोई गढ़ नहीं है बल्कि पूरा उत्तर प्रदेश भाजपा का गढ़ है।      

सपा भ्रम लेकर घूम रही कि सैफई, मैनपुरी और जसवंतनगर उसका गढ़ 
जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बूथ अध्यक्षों के कार्यक्रम को संबोधित करते हुये चौधरी ने कहा कि मैनपुरी संसदीय सीट के उप चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) उम्मीदवार डिंपल यादव की हार तय है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ साल में केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और छह साल के योगी सरकार के अच्छे कामों को लोगों के घर घर जाकर बताना है। 2012 से 2017 वाली सरकार की गुंडई और अराजकता को भी लोगों को बताना है। उन्होंने कहा ‘‘ सपा के लोग भ्रम लेकर घूम रहे है कि सैफई मैनपुरी और जसवंतनगर उनका गढ़ है, अब किसी का गढ़ नही है अब पूरा प्रदेश भाजपा का गढ़ है। गांव की प्रधानी की तरह वोट डालना है सबको मतदान करने की अपील करना है। राजा महाराजा अब रानी की कोख से पैदा नहीं होते है अब लोकतंत्र में जनता के आशीर्वाद से पैदा होते है। केंद्र की सरकार हो या राज्य की सरकार हो बिजली पानी सड़क शिक्षा स्वास्थ्य सभी मुद्दों पर बेहतर काम किया। ''      

आज भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी
चौधरी ने कहा ‘‘ सपा के लोग कहते थे कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष कही प्रचार करने नही जाते अब रामपुर और आजमगढ़ हारने के बाद उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष गली गली घूम रहे है, चाचा की भी दाढ़ी खुजला रहे है। हम लोग मैनपुरी का चुनाव जीतेंगे। संगठन की ताकत के कारण ही आज भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। किसी सरकारी योजना में कभी कोई भेदभाव नहीं किया।'' उन्होंने कहा कि पहले चर्चा होती थी कि ये सपा का गढ़ वो बसपा का गढ़ है लेकिन अब सबका गढ़ खत्म हो गया। सपा की गुंडागर्दी, अपराधीकरण, भ्रष्टाचार, जातिवाद तथा परिवारवाद की पॉलिसी के कारण सैफई परिवार को प्रधानी के भी लाले पड़ जाएंगे। सपा को यदि लगता है कि उनका कोई गढ़ है तो यह उनका भ्रम है अब किसी का कोई गढ़ नही। हर जगह से भाजपा को जन समर्थन प्राप्त हो रहा है।       

मैनपुरी व इटावा का क्षेत्र गुंडागर्दी से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा सदस्यों वाली पार्टी है। हम सबको साथ लेकर सबके विकास के संकल्प के साथ सबका विश्वास अर्जित कर आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता केन्द्रित पार्टी है और पार्टी के कार्यकर्ता 365 दिन जनता के बीच में रहकर काम करते हैं। इसलिए हमारे लिए कोई भी चुनाव बड़ा नहीं होता है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में मैनपुरी व इटावा का क्षेत्र गुंडागर्दी से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश में गुंडे, अपराधियों तथा माफियाओं पर कानून का शिकंजा कसा गया और प्रदेश के माफिया व अपराधी गले मे तख्ती लगाकर घूमते हुए सरेंडर करने लगे।       

उन्होंने कहा कि चुनाव में वोटों की गिनती वाले दिन इस क्षेत्र का इतिहास बदल जायेगा। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में एक नया वर्क कल्चर आया है। आज दुनिया में भारत का मान, सम्मान एवं स्वाभिमान बढ़ा है। आज भारत आत्मनिर्भर भारत बन रहा है। समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए एवं समाज के अन्तिम पंक्ति में खड़े लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहा है। यहीं कारण है कि जनता बार-बार भाजपा को आशीर्वाद दे रही है।

Content Writer

Mamta Yadav