अखिलेश देखते रहें मुंगेरी लाल के हसीन सपने, जनता नहीं भूली है सपा का गुंडा राज

punjabkesari.in Monday, Jul 12, 2021 - 09:53 AM (IST)

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि जनता अखिलेश यादव सरकार के गुंडाराज की वापसी नहीं चाहती है और जनाकांक्षाओं पर खरा उतरने वाली भाजपा अभी कम से कम 25 साल राज करेगी। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव तक सरकार बड़़े और कड़े फैसले लागू करेगी। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कानून से विपक्ष बेचैन हो रहा है। मौर्य ने रविवार को पौधरोपण के साथ 602 करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष चाहे जितना शोर मचा ले,जनसंख्या कानून लागू होकर रहेगा। क्योंकि यह प्रदेश और जनता के हित में है। भाजपा सरकार 98 फीसदी वादे पूरे कर चुकी है। अगले 25 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमें जनता ने पांच साल के लिए चुना है। हम अगले चुनाव की आचार संहिता लागू होने तक बड़े और कड़े फैसले लेते रहेंगे। प्रदेश सरकार ने जनसंख्या नियंत्रण पर कदम आगे बढ़ाया है तो विपक्ष बेचैन है।

वहीं अखिलेश यादव, राहुल गांधी और मायावती का नाम लेकर मौर्य ने कहा,‘हम किसी को मनाने नहीं जाएंगे। विपक्ष का काम विरोध करने का है। वह विरोध करते रहें। हम जनता के हित में कड़े फैसले लेने से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले सपा नेता अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखने में बहुत खुश थे। उन्हें लग रहा था मानो जनता सपा की सरकार बनाने जा रही है। लेकिन जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनाव नतीजों से सपा नेता का सपना चकनाचूर हो गया।पंचायत चुनाव में भाजपा का भगवा ध्वज लहराया है क्योंकि जनता अखिलेश के गुंडा राज को अभी भूली नहीं है। वैसा राज दोबारा से जनता को हरगिज नहीं चाहिए। उन्होेंने कहा कि , ‘विपक्षी दलों की एक ही साजिश है कि किसी तरह 2024 में मोदी को सत्ता में आने से रोका जाए। इसके लिए पहले वह 2022 में उत्तर प्रदेश में भाजपा को रोकना चाहते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static