BJP पर बरसे अखिलेश, कहा- पार्टी ने बिगाड़ दिया है लोकतंत्र का चेहरा

punjabkesari.in Sunday, Feb 07, 2021 - 06:41 PM (IST)

लखनऊ:  समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गरीबों, किसानों और बेरोजगारों की बजाय अपने दरवाजे कुछ खास लोगों के लिये खोल रखे हैं। पार्टी  मुख्यालय में वित्तविहीन शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमण्डल और विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये यादव ने रविवार को कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र का चेहरा बिगाड़ दिया है। पब्लिक सेक्टर के संस्थानों को बेचने के कार्यक्रम में भाजपा सरकार पूरी तरह लग गई है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सम्पत्ति की बिक्री और लाभकारी संस्थाओं को पूंजीघरानों का बंधक बनाने को विमुद्रीकरण और विनिवेश की संज्ञा देकर जनता को भरमाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2022 में उत्तर प्रदेश की लड़ाई बहुत महत्वपूर्ण होगी। एक तरह से यहां लोकतंत्र की अग्निपरीक्षा होनी है। बूथ की लड़ाई बड़ी है। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनावों में समाजवादी सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता अनुशासित होकर साइकिल को लक्ष्य बनाकर मतदान की तैयारी करें।

यादव ने कहा कि भाजपा के प्रलोभन से लोकतंत्र को बचाना है। उन्होंने कहा किसान आंदोलन का तीसरा महीना होने को है। अब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर भाजपा सरकार ने कोई निर्णय नहीं किया है। लगातार किसानों का दमनचक्र जारी है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में नौजवान रोटी-रोजी के लिए परेशान है। वित्तविहीन शिक्षकों को भी वह समर्थन देगी। समाजवादी सरकार बनने पर नौकरियों में बड़े पैमाने पर भर्ती की जाएगी। महिलाओं को सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास में पीछे है झांसा देने में आगे है।

अखिलेश ने कहा कि सपा विकास में विश्वास रखती है उसके सभी काम जनता के नाम है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यद्यपि भाजपा सरकार ने उत्पीड़न के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं तथापि समाजवादी बिना डरे या विचलित हुए सन् 2022 में समाजवादी सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जी-जान से जुटेंगे। वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की कुनीतियों से जनता का पूरी तरह मोहभंग हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static