भाजपा पर बरसे अखिलेश, गंगा मां को धोखा देने वाले को नहीं मिलती माफी

punjabkesari.in Friday, Oct 12, 2018 - 04:40 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गंगा सफाई को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में भाजपा गंगा की सफाई को लेकर एक भी काम नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर जीडी अग्रवाल गंगा की सफाई के लिए अनशन कर रहे थे, उनकी मौत हो गई। सरकार ने उनकी एक न सुनी।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने गंगा मैया को धोखा दिया है और जो लोग मां को धोखा देते हैं। वह उन्हें कभी भी माफ नहीं करती हैं। उन्होंने राफेल मुद्दे पर मोदी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि अगर इस डील में सबकुछ ठीक है तो रक्षामंत्री को फ्रांस क्यों जाना पड़ा। डील पर सवाल उठ रहे हैं, आखिर सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है? 

उन्होंने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी की सरकार बनी है। समाजवादियों ने डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के सपनों को पूरा करने का काम किया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में शौचालय बनाने से लेकर सड़कों को गड्ढामुक्त करने तक हर काम में भ्रष्टाचार हो रहा है। वहीं, पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्हा के सपा कार्यालय आने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि अगर देश का पूर्व वित्तमंत्री नोटबंदी पर कोई बात करता है तो ये बेहद गंभीर मसला है। 

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर कहा कि अगर प्रदेश की राजधानी में हर रोज अपराध हो रहा है तो अन्य जिलों के हाल का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने अपराध रोकने के लिए डायल 100 सिस्टम में सुधार की जरूरत बनाई।

बता दें कि अखिलेश यादव लखनऊ के लोहिया पार्क में डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण करने के बाद बोल रहे थे। 

Tamanna Bhardwaj