अखिलेश का BJP पर आरोप,कहा- अच्छे दिनों के नाम पर जनता को दिया धोखा

punjabkesari.in Thursday, Dec 27, 2018 - 09:19 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता इन की सच्चाई जान चुकी हैं और समाजवादियों को इससे सावधान रहने की जरूरत है। यादव महानगर कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा है कि भाजपा ने देश में जो हालात पैदा किए हैं उससे समाज में सामाजिक सछ्वाव बिगड़ा है। इस पार्टी ने समाज को बांटने और दूरी पैदा करने का काम किया है। एक दूसरे को लड़ाने की साजिश करना ही भाजपा का एजेंडा है। उन्होंने कहा कि इससे समाजवादियों को सावधान रहने की जरूरत है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाना चाहती है। इस पार्टी ने संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर किया है। अच्छे दिन के नाम पर जनता को धोखा दिया गया है। देश और प्रदेश की जनता परेशान और दु:खी है। जिसका परिणाम उपचुनाव में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की सीट पर हुई करारी हार से दिखा।

यादव ने कहा कि वोट से ही लोकतंत्र का फैसला होगा। इसलिए समाजवादियों को इसके लिए जनता की लड़ाई ईमानदारी से लड़नी होगी। भाजपा की साजिशों का पर्दाफाश और सबक सिखाने के लिए जनता मन बना चुकी है। समाजवादियों से ही सबको उम्मीदें है। भाजपा कई तरह के नुस्खों का प्रयोग करती रहती है जिससे जनता बीमार हो गई है। काम पर चुनाव होगा तो समाजवादी ही जीतेंगे। भाजपा यही सोचती है कि लखनऊ उनका गढ़ है। समाजवादियों को इस मिथक को तोड़ना होगा और ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए प्रयास करना चाहिए।

Anil Kapoor