वरुण गांधी के बयान पर अखिलेश का पलटवार, कहा-ऐसी सोच वालों से ही हमारी लड़ाई

punjabkesari.in Tuesday, May 07, 2019 - 02:42 PM (IST)

सुलतानपुर: चुनावी सरगर्मियों के बीच एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला लगातार जारी है। बीजेपी के फायरब्रांड नेताओं में शुमार सांसद वरुण गांधी ने ये कहते हुए अखिलेश यादव और उनके परिवार पर हमला किया कि ‘जो लोग कभी गोबर उठाकर कंडे बनाते थे वो आज पांच करोड़ की कार में घूम रहे हैं।’

वरुण गांधी के इस बयान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जोरदार पलटवार किया है। अखिलेश ने कहा है कि वरुण गांधी नासमझ हैं इसलिए ऐसी बातें बोल रहे हैं। वरुण गांधी को ये नहीं मालुम कि लोकतंत्र में हर इंसान समान है। इसी मानसिकता और ऐसी सोच रखने वाले लोगों के खिलाफ हमारी लड़ाई है। 

अखिलेश ने कहा कि सोचो मुख्यमंत्री जी(योगी आदित्यनाथ) यहां के मुसहर जाति के लोगों से मिलने के पहले उन्हें साबुन और सैंपू बंटवाते हैं। जिससे उन्हें साफ सुथरा कर लाया जा सके। मुख्यमंत्री जी ने खुद कहा था कि हम गाय और भैंस चराते थे। ये लोग प्रधानमंत्री के बारे में कुछ नहीं कहेंगे जो कहते हैं कि वह चाय वाले हैं। इसी मानसिकता के खिलाफ ही हमारी लड़ाई है। सपा-बसपा गठबंधन ऐसी ही मानसिकता रखने वालों को जवाब देगा।

वरुण गांधी के लगाए गए आरोप ‘सपा-बसपा को वोट देने पर पाकिस्तान को वोट मिलेगा’ के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि ये (वरुण गांधी) बड़े नासमझ हैं। जिन लोगों को अब तक सामाजिक न्याय नहीं मिला है उन्हें न्याय दिलाने का चुनाव है। वरुण गांधी जैसे हारने वाले वाले लोग ही इसी तरह की बात बोल रहे हैं। 
 

Ajay kumar