योगी पर अखिलेश का हमला- सरकार में रहकर CM बदला लेने और गोली मारने की बात करते

punjabkesari.in Sunday, Feb 23, 2020 - 06:15 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अक्सर बदला लेने और गोली मारने की बात कहते हैं तो कोई ठोक देने की बात करता है। यह नेताओं और सरकार की भाषा नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में काम बोला है। 2022 में भी यूपी में काम बोलेगा और समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा अकेले चुनाव लड़ेगी, कुछ लोगों के साथ एडजस्टमेंट कर सकते हैं। हम सभी जातियों और धर्मों को साथ लेकर हम यूपी में सरकार बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि जो कानून देश की जनता में नफरत फैलाता है और समाज को तोड़ता हो, हम उसके खिलाफ हैं। हम नागरिकता संशोधन कानून सीएए, एनपीआर और एनआरसी के खिलाफ हमेशा रहेंगे "अखिलेश ने कहा कि असम राज्य जहां से एनआरसी की बात शुरू हुई, आज वहां लोग बहुत दुखी है और परेशान हैं। हम देश में किसी ऐसे कानून के पक्ष में नहीं है जो नफरत फैलाता हो। उन्होंने देश में जातीय जनगणना की मांग करते हुए कहा कि लोकसभा में कांग्रेस, भाजपा समेत सभी दलों ने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर सहमति जताई थी, लेकिन आज भाजपा भी कांग्रेस की राह पर है और अब वह जातिगत जनगणना नहीं करा रही।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दिन देश में जातिगत जनगणना हो जाएगी, उसी दिन हिंदू मुसलमान का मुद्दा खत्म हो जाएगा। अखिलेश ने कहा कि जाति हिंदुस्तान की सच्चाई है। जब जातियां हैं, तो उन्हें जनगणना कराने में क्या दिक्कत है। जातीय जनगणना हो जाने से सबको पता चल जाएगा कि किसकी कितनी संख्या है। जनसंख्या के आधार पर लोगों को हक को सम्मान मिलना चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त है। नौजवानों में लगातार बेरोजगारी बढ़ती जा रही है और किसान आत्महत्या कर रहा है। आज नौजवानों में रोजगार सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमारी सरकार के कार्यों को अपना बता रही है। इन्होंने 3 साल की सरकार में कोई कार्य नहीं किया है।


 

Tamanna Bhardwaj