अखिलेश का BJP पर तीखा वार, सपा ने की 13 फरवरी को ‘महिला घेरा'' आंदोलन की घोषणा

punjabkesari.in Monday, Feb 08, 2021 - 12:16 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 13 फरवरी को राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश व्यापी ‘महिला घेरा' आंदोलन की घोषणा करते हुए किसानों के मसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा वार किया है। पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने सोमवार को ट्वीट के जरिये महिलाओं से आंदोलन में आगे आने का अनुरोध किया है।

सपा अध्यक्ष ने ट्वीट में कहा “13 फरवरी को सरोजिनी नायडू जयंती ‘राष्ट्रीय महिला दिवस' पर सपा प्रदेश भर में आयोजित करेगी ‘महिला घेरा'।” ट्वीट में उन्होंने अपील की, “ ‘महिला शक्ति' का आह्वान है कि वे महिलाओं के मुद्दों को लेकर इस कार्यक्रम से जुड़ें व इसे इतना बड़ा बनाएं कि दंभी सत्ता की नींद टूटे। महिलाएं आगे आएं।”

यादव ने सिलसिलेवार ट्वीट में आरोप लगाया “भाजपा सरकार को देश की वैश्विक छवि ख़राब होने की भी चिंता नहीं है और हमारा मानना है कि वो अपने पूँजीपति मित्रों के फ़ायदे के लिए कृषि कानूनों के मुद्दे को उप्र के चुनाव आने तक खींचने का कुचक्र रचेगी।” यादव ने दावा किया, “लेकिन इस बार किसान गुमराह नहीं होंगे और भाजपा को हरा के, हटा के ही दम लेंगे।”

 

Content Writer

Umakant yadav