अखिलेश का तंज-पर्यावरण संरक्षण भाजपा के लिए भ्रष्टाचार का एक रास्ता

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2020 - 07:02 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार अपने काम का ब्योरा नहीं दिये जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार यह नहीं बताती कि पिछले तीन वर्षों में उसने जो वृक्षारोपण किया उसके पौधे कहां किस हालत में है। पर्यावरण संरक्षण भाजपा के लिए भ्रष्टाचार का एक रास्ता है।

यादव ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि भाजपा सरकार की एक विशेषता यह भी है कि वह अपने काम का ब्यौरा देने से कतराती है। कोरोना की जांच के सही आंकड़े नहीं मिलते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार यह नहीं बताती कि पिछले तीन वर्षों में उसने जो वृक्षारोपण किया उसके पौधे कहां किस हालत में है। पर्यावरण संरक्षण भाजपा के लिए भ्रष्टाचार का एक रास्ता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में राजधानी लखनऊ में 400 एकड़ जमीन में विशाल जनेश्वर मिश्र पाकर् बना, जहां की हरियाली देखते बनती है। लॉयन सफारी इटावा में एक हजार एकड़ में वृक्षारोपण किया गया था। समाजवादी सरकार का एक दिन में पांच करोड़ वृक्षारोपण का रिकाडर् गिनीज बुक में दर्ज है। इनके रख-रखाव की भी व्यवस्था हुई इसलिए वे आज भी जीवित हैं और फल-फूल रहे हैं।

यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की उत्तर प्रदेश में जब चलाचली की बेला आ गई है। मुख्यमंत्री कहीं शिलान्यास की औपचारिकता निभाने का टोटका कर रहे हैं तो कहीं वृक्षारोपण के रिकार्ड बनाने में लग गए हैं। राज्य में कानून व्यवस्था की बिगड़ती दशा पर वे आंख बंदकर बैठ गए हैं। अपने कार्यकाल के अधिकांश समय तो वे जनहित की कोई योजना सामने नहीं ले पाए अब विदाई में पत्थरों पर अपना नाम छपवाने में सक्रियता दिखा रहे हैं। जनता सच्चाई जानती है कि जब अभी तक कुछ नहीं कर पाए तो अब आखिर में क्या खाक हवा महल बना देंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हस्तिनापुर पहुंच कर तथाकथित वृक्षारोपण अभियान की शुरूआत करेंगे। इसमें नई बात क्या है। महाभारत काल में देश की राजधानी हस्तिनापुर को इससे क्या मिलने वाला है। हस्तिनापुर को रेल मार्ग और हाइवे से जोड़ने की मांग पिछले 70 वर्षों से जनता करती आ रही है। 

भाजपा सरकार का भी ध्यान इधर न गया है और न जाने वाला है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सपने दिखाकर लोगों को बहकाने का काम बड़ी चतुराई से करती हैं जबकि समाजवादियों का काम खुद बोलता है। समाजवादी पार्टी सरकार के समय ही हस्तिनापुर में एक बड़ा बिजलीघर बना जिससे किसानों, नगरवासियों की बिजली सम्बंधी समस्या दूर हो गई। आश्रम पद्धति का एक हाईस्कूल और गर्ल्स हास्टल बना। बूढ़ी गंगा पर पुल बनवाया गया। बस्तौरा गांव में गंगा के पानी से गांवों को बचाने के लिए बांध बना। डेयरी फार्म की जमीन समतल कराई। यानी जो भी विकास हुआ, समाजवादी सरकार के कार्यकाल में ही हुआ हैं।

प्रदेश में हरियाली उगाने के पहले मुख्यमंत्री बुन्देलखण्ड में जलधारा भी बहा चुके हैं। गत मंगलवार को उन्होंने शिलान्यास के पत्थर में अपना नाम लगवा दिया बस यही उनका विकास मिशन है। उन्होने कहा कि अब तो भाजपा की सत्ता जाने में डेढ़ वर्ष ही बचा हैं। भाजपा ने प्रदेश को बदहाल बनाने का ही काम किया। समाज का हर वर्ग परेशान हुआ है। न नदियां साफ हुई न लोगों को बिजली, पानी, मकान जैसी बुनियादी सुविधाएं मिली। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात हुआ। जन-मन की आकांक्षाओं को कुचलने और लोकतंत्र को आहत करने में ही भाजपा ने अब तक पूरा समय लगा दिया है। 

Tamanna Bhardwaj