अखिलेश का तंज: मुख्यमंत्री बाबा जहां-जहां प्रचार करने गए हार गई भाजपा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 12, 2020 - 12:20 PM (IST)

यूपी डेस्क: दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक बार फिर आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत मिली है। कुल 70 सीटों पर हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें मिली हैं जो बहुमत से कहीं ज्यादा है। वहीं 48 सीट जीतने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी को फिर से करारी हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी के खाते में महज 8 सीटें आई हैं। हालांकि उसके लिए राहत की खबर ये है कि पिछली बार के मुकाबले उसे 5 सीटें ज्यादा मिली हैं। 

इस चुनाव में बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्टार प्रचारक बनाया था। कहा जा रहा था योगी के चुनाव प्रचार से बीजेपी के पक्ष में वोटिंग बढ़ेगी लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ। योगी के ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार के बाद दिल्ली की जनता ने बीजेपी पर भरोसा नहीं जताया। नतीजा ये हुआ कि जिस सीट पर योगी ने चुनाव प्रचार किया था वह सभी सीटें बीजेपी हार गई। 

दिल्ली में बीजेपी की करारी हार पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि हमारे मुख्यमंत्री बाबा जहां जहां चुनाव प्रचार करने गए हैं वहां वहां बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। 

भाजपा की राजनीति समाज को बांटने वाली 
समाजवादी पार्टी (सपा)अध्यक्ष अखिलेश यादव आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीति समाज को बांटने की है। श्री यादव ने मंगलवार को यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा आपसी रिश्तो में नफरत घोलने का काम करती है और समाज को बाटने की राजनीति करती है। उन्होंने कि भाजपा से सावधान रहना होगा और इन्हें सबक सिखाना होगा।

 भाजपा ने किसानों के अलावा नौजवानों को भी धोखा दिया
उन्होंने कहा भाजपा ने किसानों के अलावा नौजवानों को भी धोखा दिया है। हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने का वादा भाजपा का था, नौकरियां तो मिली नहीं, लाखों कर्मचारी बर्खास्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अपने देश-प्रदेश का किसान मेहनत से फसल उगाता है लेकिन उसे फसल का लागत मूल्य भी नहीं मिल पाता है। भाजपा सरकार किसानों को ड्योढ़े दाम दिलाने, आमदनी दुगनी करने के झांसे दिलाती रही है। वह खुद विदेशी तेल पाम आयल का आयात ज्यादा कीमत पर करती है।

भाजपा की गलत नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था रसातल में चली गई
अखिलेश यादव ने कहा भाजपा की गलत नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था रसातल में चली गई है। नोटबंदी और जीएसटी की वजह से उद्योग धंधे बंद हो गए हैं। बेरोजगारी बढ़ी है। मंहगाई की मार से आम आदमी की जिंदगी दूभर हो गई है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार तीन साल हो गए अपनी एक भी जनहित की योजना लागू नहीं कर सकी। समाजवादी पार्टी की सरकार ने विकास के जो काम किए थे, उन्हें ही अपना बताकर दिन काट रही है। उन्होंने कहा जनता सब जानती और समझती है। वहीं लोकतंत्र की असली ताकत है समाजवादी पार्टी  का लोकतंत्र पर अटूट भरोसा है।

 

 

Ajay kumar