सपा ने गंवाया अपना दो मजबूत गढ़: अखिलेश बोले- भाजपा राज में लोकतंत्र की हत्या की क्रॉनॉलॉजी

punjabkesari.in Sunday, Jun 26, 2022 - 08:00 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लोकसभा उपचुनाव में अपने दो मजबूत गढ़ आजमगढ़ और रामपुर गंवाने पर खीझ व्यक्त करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज मे लोकतंत्र की हत्या हुयी है।       

यादव ने रविवार को ट्वीट कर कहा ‘‘ भाजपा के राज में लोकतंत्र की हत्या की क्रॉनॉलॉजी: नामांकन के समय चीरहरण, नामांकन निरस्त कराने का षड्यंत्र, प्रत्याशियों का दमन, मतदान से रोकने के लिए दल-बल का दुरुपयोग, काउंटिंग में गड़बड़ी, जन प्रतिनिधियों पर दबाव, चुनी सरकारों को तोड़ना। ये है आज़ादी के अमृतकाल का कड़वा सच।''      

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में रामपुर और आजमगढ़ को मुख्य विपक्षी दल सपा का मजबूत गढ माना जाता है। हाल ही में हुये विधानसभा चुनाव में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी के करहल और मोहम्मद आजम खान ने रामपुर सदर से विधायक चुने जाने के बाद क्रमश: आजमगढ और रामपुर संसदीय सीट से इस्तीफा दे दिया था जिसके चलते दोनो सीटों पर उपचुनाव कराना पड़ा था। आज आये चुनाव परिणामों में आजमगढ और रामपुर में भाजपा को जीत मिली है। दोनों ही सीटों पर सपा उम्मीदवारों को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा है।

Content Writer

Mamta Yadav