UP में जीतेगा गन्ना, हारेगा जिन्ना: अखिलेश ने कहा- घबराई हुई है भाजपा, उड़ गए हैं तोते

punjabkesari.in Wednesday, Feb 02, 2022 - 05:49 PM (IST)

लखनऊ: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ बुधवार को यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये अखिलेश ने कहा कि  गन्ना जीतेगा-जिन्ना हारेगा। जो लोग जिन्ना, हिंदू, मुसलमान और पाकिस्तान के मसले पर चुनाव लड़ रहे हैं उनकी हार होने वाली है। जयंत ने आगे कहा कि केंद्रीय बजट में भी कुछ नहीं दिया गया है। मनरेगा के तहत मजदूरों को पहले 51 दिन का काम दिया जाता था, अब सिर्फ 44 दिन का काम मिल रहा है। किसानों के लिए बजट आधा कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने लोगों को डरा कर रखा है, जबकि जनता सपा गठबंधन की ओर उम्मीद से देख रही है। इस नाते यह डर और उम्मीद के बीच का भी चुनाव है जिसमें जीत जनता की उम्मीदों की होगी। भाजपा सरकार के उत्पीड़न के शिकार किसान इस बार गठबंधन का समर्थन कर रहा है। यह किसानों के मान सम्मान का चुनाव है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषा शैली पर कटाक्ष करते हुये सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग मुख्यमंत्री की भाषा का नोटिस ले। उनका हलफनामा देखे कि उन पर कितनी आपराधिक धारायें लगी है। अब तो भाजपा नेतृत्व को भी लगने लगा है कि उन्होने उन्हे मुख्यमंत्री बना कर गलती तो नहीं कर दी। यही कारण है कि योगी को उनकी पसंद का टिकट नहीं दिया गया। उनको घर वापसी का टिकट दे दिया। वास्तव में योगी का कोई दल नहीं है। वह बेदल है इसलिये भाजपा उन्हे पैदल चला रही है और यही कारण है कि उनकी भाषा बदल गयी है।

वहीं गर्मी के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि जिस दिन गर्मी खत्म हो जाएगी हम मर जायेंगे गर्मी से। इनको गर्मी इसलिए लग रही है क्योंकि इनको इनकी पसंद की टिकट नहीं मिली। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी गठबंधन से घरबाई है क्योंकि उसे पता है कि किसान गठबंधन के साथ हैं इसलिए योगी सरकार के तोते उड़ गए हैं।

Content Writer

Imran