उन्नाव केस पर बोले अखिलेश- बेटियों के लिए सबसे असुरक्षित प्रदेश UP तो काल बनी BJP

punjabkesari.in Thursday, Feb 18, 2021 - 07:32 PM (IST)

लखनऊ/उन्नावः समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्नाव की घटना को मानवता के लिए शर्मसार करने वाला बताया और आज कहा कि बेटियों के लिए काल बन चुके भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में सत्ता संरक्षित नृशंस अत्याचार की एक और विचलित कर देने वाली घटना हुई है। जंगल में पेड़ में बांधकर दो दलित लड़कियों की हत्या कर दी गयी और एक अति गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। यह अत्यंत दु:खद घटना है। इसमें संलिप्त दरिन्दों को कठोरतम सजा सुनिश्चित होनी चाहिए।

यादव ने कहा कि लगता है मुख्यमंत्री को कानून व्यवस्था को लेकर कोई चिंता नहीं है। उनका पूरा समय कहीं और बीत रहा है। भाजपा के कारण महिलाओं और बेटियों के लिये यूपी सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। यह सूबे की जनता के लिए डरावना संदेश है। दिन दहाड़े बलात्कार, छेड़खानी और महिला उत्पीड़न पर अंकुश लगाने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति कोई नीति नहीं है। भाजपा की विचारधारा आधी आबादी को उपेक्षा से देखती है। महिला सम्मान और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाओं को मौजूदा सरकार ने ध्वस्त कर दिया है।

अखिलेश ने आगे कहा उत्तर प्रदेश अब ‘हत्या प्रदेश‘ बन गया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के समीपवर्ती जिले उन्नाव में हुयी घटना यह साबित कर रही है कि यूपी में जंगलराज कायम हो गया है। दलित उत्पीड़न और बच्चियों के साथ लगातार हो रही घटनाओं से प्रदेश का जनमानस आक्रोशित है। पिछले विधान सभा के भाजपा के चुनावी नारे ‘बहुत हुआ नारी पर वार‘ की सच्चाई जानना चाहती है। महिला विरोधी भाजपा सरकार प्रदेश में अविलम्ब महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो सपा सड़क से सदन तक इसका विरोध करेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static