परिवर्तन के लिए कार्यकर्ता करें पहल: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2020 - 10:00 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में 2022 का विधानसभा चुनाव ‘समाजवादी सरकार का काम जनता के नाम' के नारे के साथ लड़ने का ऐलान करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि 2022 में परिवर्तन के लिए खुद से ही हर समाजवादी कार्यकर्ता को पहल करनी होगी। ‘अगस्त क्रांति की समाजवादी दिशा-बाइस में बाइसिकल‘ पत्र को डिजिटली जारी करने के बाद यादव ने कहा कि 2022 में परिवर्तन के लिए खुद से ही हर समाजवादी कार्यकर्ता को पहल करनी होगी। 

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2022 के लिए अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं रखने और लोकतंत्र को बचाने के सघन अभियान में सभी की एकजुटता और निष्ठा के साथ अनवरत सक्रियता की अपेक्षा की। यादव ने कहा कि नौ अगस्त 1942 को गांधी जी के आव्हान पर अंग्रेजों भारत छोड़ों आंदोलन की शुरूआत हुई थी। 8 अगस्त 1942 को रात में भारत छोड़ों प्रस्ताव पारित हुआ था। गांधी जी ने इस मौके पर करो या मरो का मंत्र दिया।

उन्होंने हर हिन्दुस्तानी से यह भी कहा था कि वह अपने को आजाद समझे। गांधीजी के बताये मंत्र को आत्मसात करते हुये सपा कार्यकर्ताओं को 2022 में लोकतंत्र को बचाने के लिये काम करना होगा। उन्होने कहा कि जिस तरह समाजवादियों ने अगस्त क्रांति के दौरान अग्रणी भूमिका अदा की थी उसी तरह आज भी उनकी स्वर्णिम परम्परा को आगे बढ़ाते हुए हम सभी एकजुट होकर संवैधानिक मूल्यों तथा लोकतांत्रिक मान्यताओं को बचाने की भूमिका निभाएंगे। 

Tamanna Bhardwaj