''सम्मान निधि'' की आड़ में किसानों का लाखों का नुकसान कराने की फिराक में BJP: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Dec 28, 2020 - 12:54 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि सरकार किसान सम्मान की नाममात्र धनराशि देने की आड़ में काले कृषि कानून लागू कर किसानों का हजारों-लाखों का नुकसान करना चाहती है। अखिलेश ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों से बातचीत की पेशकश भी कर रही है और आंदोलनकारी किसानों पर तरह-तरह के अनर्गल आरोप भी लगा रही है। उन्होंने कहा कि यह अपने अधिकारों के लिए सड़क पर बैठे किसानों का अपमान है।

उन्होंने कहा, 'भाजपा भाजपा अपने प्रिय पूंजीपति मित्रों का समर्थन करते हुए ऐसे रास्ते पर चल पड़ी है। जो किसान, मजदूर एवं निम्न मध्यम वर्ग के खिलाफ जाता है। सरकार किसान सम्मान की नाम मात्र धनराशि देने की आड़ में काले कृषि कानून लागू कर उनका हजारों-लाखों का नुकसान करना चाहती है।’’ 

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में जबसे भाजपा की सरकारें बनी हैं। तबसे किसानों के लिए संकट के हालात पैदा हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा किसान आंदोलन भाजपा सरकार की विफलता का जीता जागता उदाहरण है और इस आंदोलन में सपा किसानों के साथ खड़ी है। 

Tamanna Bhardwaj