योगी सरकार ने 3 वर्ष पूरे होने पर जिन उपलब्धियों की चर्चा की वो समाजवादी सरकार की देनः अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2020 - 11:18 AM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा)अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार के पास विकास का न तो कोई विजन है और नहीं कोई योजना है। यादव ने बुधवार को कहा कि विकास के लिए नई योजनाओं को लागू करने की जरूरत होती है। भाजपा सरकार के पास विकास का न तो कोई विजन है और नहीं कोई योजना है। बड़ा सपना, बड़ा काम हो तभी देश के सबसे राज्य उत्तर प्रदेश का भला हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास के जो बड़े-बड़े दावे कर रही है, उसकी सत्यता भी प्रमाणित करनी चाहिए। प्रचार में भी ईमानदारी होनी चाहिए। झूठा प्रचार नहीं करना चाहिए।

महिलाओं और बच्चियों का जीवन सुरक्षित नहीं-अखिलेश
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार जबसे बनी है, अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। अपने चुनाव घोषणा पत्र में उसने जो संकल्प लिए थे उसके प्रति भी भाजपा ईमानदार नहीं है। किसान, नौजवान, व्यापारी समेत समाज के सभी वर्गो के लोग परेशान है। महिलाओं और बच्चियों का जीवन सुरक्षित नहीं है। नोटबंदी और जीएसटी ने उद्योगधंधों पर ताले लगवा दिए हैं और नौजवानों को बेरोजगारों की कतार में रख दिया है। कर्ज से बदहाल किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। यादव ने कहा कि भाजपा की राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लेने पर जिन उपलब्धियों की चर्चा की है वे सब समाजवादी सरकार की देन हैं।

'कथित उपलब्धियों पर गप्प चलाने से पहले CM को शपथ याद करनी चाहिए'
अखिलेश ने कहा कि अपनी कथित उपलब्धियों पर गप्प चलाने से पहले मुख्यमंत्री को संविधान की उस शपथ का भी स्मरण करना चाहिए जिसमें सत्यनिष्ठा के साथ रागद्वेष की भावना से परे कर्तव्य निर्वहन की प्रतिबद्धता है। भाजपा सरकार के मंत्रियों की चाहे जितनी बड़ी फौज उतार दें जनता के बीच वे कौन सी उपलब्धि गिनाने जाएंगे। ऐसा कुछ जमींनी स्तर पर हुआ ही नहीं है।

बड़ी तादाद में हुए फर्जी एनकाउण्टर-सपा अध्यक्ष
भाजपा राज में अपराधी बेखौफ हैं, फर्जी एनकाउण्टर बड़ी तादाद में हुए हैं। बलात्कार, लूट, हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री यह बताएं कि उन्होंने समाजवादी सरकार की देन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल, गोमती रिवरफ्रंट, जेपी इन्टरनेशनल सेंटर, जनेश्वर मिश्र पार्क से बेहतर राजधानी में क्या बनाया है। उन्होंने कहा कि बदनीयत सरकार संवेदनशून्य होती है। झूठे आंकड़ों से जनता को अब बहकाया नहीं जा सकता है।

'उत्तम प्रदेश बनने के बजाय पिछड़ा और बीमारू प्रदेश बनता जा रहा UP'
यादव ने कहा उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने के बजाय पिछड़ा और बीमारू प्रदेश बनता जा रहा है। सच तो यह है कि भाजपा से लोगों का मोहभंग हो चुका है। भाजपा सिफर् वादे करने और नफरत फैलाने वाली पार्टी है। भाजपा न तो अपने वादे निभाती हैं और नहीं सौहार्द-सछ्वाव से उसका दूर-दूर तक कोई सम्बंध है।

Tamanna Bhardwaj