चाचा-भतीजे पर केशव मौर्य का हमला, कहा- अखिलेश-शिवपाल नहीं चाहते गरीब, पिछड़ों का भला

punjabkesari.in Thursday, Dec 01, 2022 - 07:59 PM (IST)

मैनपुरीः समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके चाचा एवं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को सामंतवादी सोच का पोषक बताते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि यादव कुनुवा पिछडे, दलित, शोषित, वंचित और गरीब को आगे बढ़ते देखना पसंद नहीं करता।

उन्होंने कहा कि इसी सामंतवादी सोच के चलते समाजवादी पार्टी की सरकार और संगठन दोनों में ही चाचा भतीजा का ही राज चला। ये कुनवा पिछड़े, दलित, शोषित, वंचित और गरीब को आगे बढ़ते देखना पसंद नहीं करता। आज शिवपाल सिंह यादव ने जिस अमर्यादित भाषा का प्रयोग रघुराज सिंह शाक्य के लिए किया है वह उनकी सामंतवादी सोच का परिचायक है। मौर्य ने कहा " शिवपाल सिंह आप और आपके भतीजे सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गालियों का जवाब मैनपुरी की जनता सपा की साईकिल पंचर कर और कमल खिलाकर रघुराज सिंह शाक्य को मैनपुरी का सांसद बनाकर देगी।"

उपमुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को पिछड़ा विरोधी बताते हुए कहा कि वे और उनका परिवार समाजवादी नहीं बल्कि पिछड़ों के विरोधी है। ये लोग अपने अलावा किसी अन्य पिछडे, दलित और गरीब को आगे बढ़ते देखना नहीं चाहते। उन्होंने विधानसभा सत्र को घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक पिछड़ा केशव प्रसाद मौर्य दूसरी बार प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बना है।

Content Writer

Ajay kumar