क्रिसमस विरोध पर बोले अखिलेश, ऐसे फरमान देश की संस्कृति और परंपरा को तोड़ने वाले

punjabkesari.in Tuesday, Dec 19, 2017 - 03:00 PM (IST)

लखनऊ: हिंदू जागरण मंच द्वारा क्रिसमस के विरोध में स्कूल और कॉलेजों को जारी किए गए पत्र पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंगलवार को राजधानी में अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे फरमान देश की संस्कृति और परंपरा को तोड़ने वाले हैं। 

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारे देश के लोग इतने अच्छे हैं कि इन्हें जो भी त्योहार मिल जाए उसे अपना लेते हैं। हमारा देश त्योहारों का देश है, एक दूसरे से प्यार करने वाला देश है। एक-दूसरे के त्योहार में उसके घर जाकर मिठाई खाने वाला देश है। हमारे यहां तो क्रिसमस मनाते है। साथ ही उन्होंने कहा कि देखिएगा हजरतगंज में कैसा क्रिसमस मनता है।

उल्लेखनीय है कि हिंदू जागरण मंच ने 25 दिसंबर को क्रिसमस डे मनाने का विरोध किया है। वहीं ईसाई स्कूलों को अलीगढ़ के हिंदू जागरण मंच द्वारा एक चेतावनी भी जारी की गई है। जिसमें उन्होंने शहर के स्कूल और कॉलेजों को पत्र जारी करते हुए कहा है कि वे हिंदू छात्र और छात्राओं पर ईसाई धर्म के कार्यक्रम को न थोपे।

उन्होंने यह भी कहा है कि दूसरे धर्म के कुछ ही बच्चे होने के बावजूद स्कूलों में क्रिसमस डे का आयोजन गलत है। यह सुनियोजित तरीके से बच्चों को मानसिक रूप से दूसरे धर्म से जोड़ने की साजिश है। इसलिए जो क्रिसमिस डे मनाएगा, उसे दूसरे धर्म का प्रचारक माना जाएगा।