अखिलेश दागी चेहरा, घबरा कर किया गठबंधन: मायावती

punjabkesari.in Sunday, Feb 12, 2017 - 09:29 AM (IST)

सहारनपुर:बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने विरोधियों को निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि राज्य में पूर्ण बहुमत से बसपा सरकार बनाने जा रही है। इससे सपा-कांग्रेस गठबंधन व भाजपा घबरा गई है। सपा की गलत नीतियों के कारण जनता में आक्रोश है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दागी चेहरा है। सपा के गुंडाराज में कांग्रेस बराबर की शरीक है। सपा के शासनकाल में जनता को निराशा हाथ लगी है।

पीएम मोदी पर मायावती ने जमकर बोला हमला
दिल्ली रोड पर कॉसमॉस सिटी में हुई बसपा चुनावी रैली में मायावती ने कहा कि सपा में अराजक, भ्रष्टाचार, दुष्कर्म, साम्प्रदायिक दंगा आदि घटनाएं चरम पर रहीं। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मायावती ने हमला बोलते हुए कहा कि पी.एम. मोदी ने 500-1000 रुपए के नोट बंद कर आपातकाल जैसी स्थिति पैदा की। इस नोटबंदी में कितना कालाधन आया है, इसका भी खुलासा नहीं किया गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दाल में थोड़ा नहीं बहुत काला है।

जनसभा में होश खो बैठे युवा,मचाया उत्पात
बसपा सुप्रीमो मायावती के जाने के बाद कार्यकर्त्ता जोश में होश खो बैठे। जनसभा खत्म होते ही कार्यकर्त्ताओं ने जमकर उत्पात मचाया। जोश-जोश में युवाओं ने अपने ही महापुरुषों के पोस्टर उतारे। बल्लियों पर चढ़कर खूब अव्यवस्थाएं फैलाईं। इतना होने के बावजूद बसपा नेताओं को कुछ दिखाई नहीं दिया। कॉसमॉस सिटी में बसपा सुप्रीमो मायावती के आने का समय तय था, लेकिन वह तय समय के अनुसार नहीं आई। तेज धूप ने लोगों को परेशान किए रखा। खासकर उम्रदराज बुजुर्ग महिलाओं व पुरुषों को। तेज धूप के कारण एक महिला बेहोश भी हो गई।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें