अखिलेश का योगी सरकार पर निशाना, कहा- UP में स्वास्थ्य सेवाएं सबसे ज्यादा बदहाल

punjabkesari.in Sunday, Sep 29, 2019 - 11:41 AM (IST)

 

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के जो कदम उठाए थे, भाजपा ने उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर पानी फेरना शुरू कर दिया। आज उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं सबसे ज्यादा बदहाल हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के पद बड़ी संख्या में खाली पड़े हैं। सरकारी व्यवस्था से असंतुष्ट विशेषज्ञ डाक्टर इस्तीफे देकर जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने लगातार बारिश होने से डेंगू बुखार और दूसरी बीमारियों का प्रकोप बढ़ा है। हजारों लोग बीमारियों के शिकार हैं। अस्पतालों की स्थिति इतनी खराब है कि न किसी को दवा मिल रही है, न जांच हो रही है।

उन्होंने कहा कि घायलों और बीमारों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए समाजवादी 108 एम्बुलेंस सेवा, प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को अस्पताल तक लाने और घर तक ले जाने के लिए 102 नम्बर एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी, वह खस्ताहाल हो गई है। अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार पर किसी का ध्यान नहीं है। अपनी अक्षम्य लापरवाही के चलते भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू प्रदेश‘ बना दिया है।
 

Tamanna Bhardwaj