अखिलेश बताएं, बसपा में भ्रष्टाचार के खिलाफ 5 साल में क्या कार्रवाई की : भाजपा

punjabkesari.in Friday, Feb 24, 2017 - 03:25 PM (IST)

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने मायावती सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार और घोटालों के लिए आयोग गठित करने का वादा नहीं निभाया है।


सपा मायावती के घोटालों पर नही कर रही कोई कार्रवाई
भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने आज यहां कहा कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने यह वादा किया था कि समाजवादी पार्टी (सपा) के सत्ता में आने पर मायावती सरकार में हुए घोटालों की जांच के लिए आयोग का गठन किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश पर तंज कसते हुए पूछा कि वह बताए कि उन्होंने इस दिशा में क्या काम किया।  उन्होंने कहा कि सपा सरकार की निष्क्रियता से जाहिर होता है कि भ्रष्टाचार के मामले में सपा और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) मिले हुए हैं और दोनों में से कोई  भी एक दूसरे की पोल खोलना नहीं चाहता। 
विजय पाठक ने कहा ‘काम बोलता है’ के नारे के साथ चुनाव मैदान में डटे मुख्यमंत्री अखिलेश से हम जवाब मांग रहे है कि क्यों अखिलेश की सरकार बसपा के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार की जांच से कोताही बरत रही है। सपा सरकार लोकायुक्त को मजबूत करने के अपने वादे में भी खरी नहीं उतरी है।