सपा के कद्दावर नेता का गंभीर आरोप, कहा- चाटुकारों से घिरे हैं अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Nov 06, 2017 - 05:24 PM (IST)

संतकबीरनगर: उत्तर प्रदेश की संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र से 2 बार सांसद रहे समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता भालचन्द्र यादव ने अखिलेश यादव पर चाटुकारों से घिरा होने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को हाशिए पर डाल दिया है।

भालचन्द्र ने पत्रकारों से कहा कि अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव द्वारा खून पसीने से सींची गई पार्टी को हाईजैक कर लिया है। पार्टी के पुराने तथा वफादार नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी से किनारे लगाते जा रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव कुछ चाटुकारों से घिरे हैं और निष्ठावान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हाशिए पर डालते जा रहे हैं।  

उन्होंने कहा कि पार्टी को बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले शिवपाल सिंह यादव जैसे नेता भी किनारे कर दिए गए और पार्टी विधानसभा चुनाव बुरी तरह हार गई। शिवपाल सिंह यादव को लगातार अपमानित किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव के पहले उनके बेटे सुबोध यादव का टिकट काट दिया गया। पंचायत चुनाव में भी उनके एक भी प्रत्याशी को ब्लॉक प्रमुख का टिकट नहीं दिया गया।  

इसके साथ ही कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भी उनके बेटे प्रमोद यादव को प्रत्याशी नहीं बनाया गया। विरोधी गुट के प्रभाव में आकर बसपा में रहे संतोष कुमार यादव को प्रत्याशी बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक जनाधार विहीन एवं बाहरी व्यक्ति को चाटुकारिता के आधार पर स्थानीय निकाय क्षेत्र से एमएलसी बनवा दिया जो जिले की राजनीति में दखल देकर पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा दे रहा है। अखिलेश यादव उसे प्रश्रय दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन हालात में उनका पार्टी में रहना औचित्यहीन हो गया है। वह अपने समर्थकों के साथ बैठक करके अगली रणनीति तय करेंगे।